संविधान हमारे वर्तमान व भविष्य का मार्गदर्शक, इसके आदर्शों को जीवन में उतार विकसित भारत विकसित हरियाणा के निर्माण के लिए मिलकर आगे बढ़ें : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
संविधान को अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत होने के बावजूद देश की जीडीपी में हरियाणा का 3.7 प्रतिशत योगदान, प्रति व्यक्ति आय में बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर हरियाणा
पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, 17,676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई
लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की बहन–बेटियों को हर महीने मिल रही 2100 रुपये की आर्थिक सहायता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारा संविधान हमारे वर्तमान और हमारे भविष्य का मार्गदर्शक है। बीते 77 वर्षों में देश के सामने जो भी चुनौतियां आई हैं, हमारे संविधान ने हमें हर उस चुनौती का समाधान करने के लिए सही मार्ग दिखाया है। संविधान का सम्मान किसी एक दल या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति का दायित्व है, जिसे जनता ने सार्वजनिक सेवा का अवसर दिया है।
मुख्यमंत्री वीरवार को संविधान को अंगीकार किए जाने की 77वीं वर्षगांठ पर हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में आयोजित विशेष चर्चा के दौरान सदन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विशेष सत्र में भाग लेने के लिए सभी माननीय सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हम लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व का स्मरण कर रहे हैं। लेकिन, हम इस समय यह भी नहीं भूल सकते कि आज ही के दिन वर्ष 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले की बरसी भी है। उन्होंने इस आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उस जज्बे को भी याद किया, जब समूचे राष्ट्र ने एकजुट होकर उस हमले का सामना किया था। यह हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति थी।
संविधान की रचना विविधता से भरे देश के लिए सहमति, संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादा का मार्ग खोजने का सशक्त प्रयास था
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर, 1946 को हुई थी। लगभग 3 वर्ष के विचार-विमर्श के बाद 26 नवंबर, 1949 को संविधान अंगीकार किया गया। उस समय संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां थीं। संविधान सभा ने 11 सत्रों में अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बहस की। संविधान के मसौदे पर हजारों संशोधन प्रस्तावित हुए और उन पर गंभीर विचार किया गया।
इस विस्तृत प्रक्रिया में भारतीय समाज के हर वर्ग और देश के हर क्षेत्र की बात सुनी गई। संविधान की रचना केवल एक दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया नहीं थी। यह विविधता से भरे देश के लिए सहमति, संवाद और लोकतांत्रिक मर्यादा का मार्ग खोजने का एक सशक्त प्रयास था।
भारत की प्राचीन लोकतांत्रिक परंपराएं विश्व के लिए प्रेरक
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान निर्माता भारतवर्ष की महान परंपरा, महान संस्कृति, महान विरासत और हजारों साल की इसकी यात्रा के प्रति सजग थे। भारतवर्ष की लोकतांत्रिक परंपराएं बहुत प्राचीन हैं। चौथी शताब्दी से पहले, 1 हजार वर्षों तक इस विशाल राष्ट्र में अनेक शक्तिशाली गणराज्य थे। मालव गणराज्य ने तो सिकंदर के अजेय होने के सपने को भी चकनाचूर कर दिया था।
मुखमंत्री ने कहा कि हमारा यह समृद्ध इतिहास विश्व के लिए प्रेरक रहा है। तभी तो भारत आज दुनियाभर में ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ के रूप में जाना जाता है। आज हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, साथ ही प्राचीनतम लोकतांत्रिक परंपरा की जड़ें हमारी पुण्य भूमि में ही हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन जी, जो संविधान सभा के सदस्य भी थे, ने लिखा है, इस महान राष्ट्र के लिए गणतांत्रिक व्यवस्था नई नहीं है। हमारे यहां यह हमारे इतिहास की शुरुआत से ही है।
संविधान समूची संविधान सभा के सामूहिक विवेक और राष्ट्र की सामूहिक आकांक्षा का परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, के.एम. मुंशी, अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर सहित अनेक सदस्यों ने इस महान कार्य में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान किसी एक व्यक्ति का नहीं, वरन समूची संविधान सभा के सामूहिक विवेक और राष्ट्र की सामूहिक आकांक्षा का परिणाम था। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी, 1950 को 284 सदस्यों ने संविधान पर हस्ताक्षर किए। वे हस्ताक्षर भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता के साक्षी बने।
संविधान निर्माण में देश की मातृशक्ति ने निभाई बहुत बड़ी भूमिका
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे संविधान की निर्माण प्रक्रिया में हमारे देश की मातृशक्ति ने महान योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी संविधान को सशक्त करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। संविधान सभा में 15 माननीय महिला सदस्य थीं और वे बड़ी सक्रिय थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौलिक चिंतन के आधार पर उन्होंने संविधान सभा की डिबेट को समृद्ध किया। वे सभी बहनें अलग-अलग बैकग्राउंड से थीं, अलग-अलग क्षेत्रों से थीं। यहां शुरुआत से ही महिलाओं को वोट के अधिकार सहित बराबर के अनेक अधिकार दिए गए।
संविधान निर्माण में हरियाणा के सात महापुरुषों ने दिया योगदान
नायब सिंह सैनी ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि संविधान सभा में हरियाणा के सात महापुरुषों, नामतः कैप्टन रणजीत सिंह, पंडित ठाकुर दास भार्गव, राव बहादुर चौधरी सूरजमल, पंडित श्रीराम शर्मा, मास्टर नंदलाल, चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा और लाला देशबंधु गुप्ता ने योगदान दिया। उन्होंने कहा कि ये उन्हीं का हो दिखाया हुआ रास्ता है जो हम पवित्र संविधान के ऊपर आगे बढ़ रहे हैं।
‘हम, भारत के लोग’ संविधान की आत्मा, सत्ता का अंतिम स्रोत जनता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारें जनता की सेवा के लिए बनाती हैं।उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से आरंभ होती है। यह इसकी आत्मा है। सत्ता का अंतिम स्रोत जनता है। सरकारें जनता की सेवा के लिए बनती हैं और संविधान के प्रति जवाबदेह रहती हैं। प्रस्तावना में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय; विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता; अवसर और प्रतिष्ठा की समानता तथा व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता का संकल्प है। उन्होंने कहा कि ये शब्द समूचे भारत राष्ट्र का वह वचन हैं, जिसे हम अपने आचरण और नीतियों से हर दिन साकार करते हैं।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हर देशवासी का एक ही ध्येय है, विकसित भारत का निर्माण। विकसित भारत का मतलब है, जहां देश के हर नागरिक को क्वालिटी ऑफ लाइफ मिले, डिग्निटी ऑफ लाइफ मिले। ये सामाजिक न्याय, सोशल जस्टिस का भी बड़ा माध्यम हैं और ये संविधान की भी मूल भावना हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये तो पहली बार है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2015 से ही इसे संविधान दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि संविधान हर नागरिक के जीवन और हर सार्वजनिक संस्था के कामकाज में भी दिखाई दे। उन्होंने कहा कि आज हमने यहां इस महान सदन में ऐसा ही संकल्प लिया है।
नागरिकों की गरिमा और न्याय की कसौटी पर राज्य की शक्तियों को रखना भी संविधान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन अधिकारों का अर्थ तभी पूरा होता है, जब समाज का हर व्यक्ति, विशेषकर गरीब, वंचित और कमजोर नागरिक, सम्मान और अवसर के साथ आगे बढ़ सके। संविधान का उद्देश्य केवल राज्य की शक्तियों को तय करना नहीं, बल्कि उन शक्तियों को नागरिकों की गरिमा और न्याय की कसौटी पर रखना भी है।
सत्ता में हों या विपक्ष में, अपने आचरण में संवैधानिक मर्यादा बनाए रखें और जनता के जनादेश का आदर करें
नायब सिंह सैनी ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से संविधान का सम्मान किसी एक दल या सरकार का विषय नहीं है। यह हर उस व्यक्ति का दायित्व है, जिसे जनता ने सार्वजनिक सेवा का अवसर दिया है। हम सबको यह आत्ममंथन करना चाहिए कि क्या हमारे कामकाज में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही और कानून का समान सम्मान दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान स्थिरता देता है, लेकिन समय के साथ आगे बढ़ने की क्षमता भी रखता है। इसमें संशोधन की व्यवस्था है, ताकि बदलती परिस्थितियों और नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुरूप लोकतंत्र विकसित होता रहे। पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक आधार मिलने से लोकतंत्र गांवों और शहरों तक पहुंचा है। शिक्षा, सामाजिक न्याय और स्थानीय स्वशासन से जुड़े प्रावधानों ने नागरिकों को व्यवस्था में अधिक प्रभावी भागीदारी का अवसर दिया है। यह हमारे संविधान की जीवंतता है, अपने मूल आदर्शों को सुरक्षित रखते हुए समय की जरूरत के साथ आगे बढ़ना।
हरियाणा की प्रगति में सभी वर्गों की भागीदारी, विकास का लाभ हर वर्ग और हर क्षेत्र तक पहुंचे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए संविधान का महत्व विशेष है। 1 नवंबर, 1966 को राज्य के गठन के बाद हमारी यात्रा संवैधानिक लोकतंत्र की इसी व्यवस्था के तहत आगे बढ़ी। हमारी विधानसभा ने प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को कानून, नीति और जनकल्याण के कार्यों में बदलने का दायित्व निभाया है। खेत में मेहनत करने वाला किसान, सीमाओं की रक्षा करने वाला जवान, उद्योग में कार्यरत श्रमिक, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कर्मचारी, महिलाएं, युवा और उद्यमी, हरियाणा की प्रगति में सबकी भागीदारी है। संविधान का समानता और गरिमा का आदर्श हमें याद दिलाता है कि विकास का लाभ इन सब वर्गों तक और हर क्षेत्र तक पहुंचे।
पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित किए नए कीर्तिमान
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, तकनीक और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
आज हरियाणा का क्षेत्र देश के क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत है। लेकिन, आज देश की जीडीपी में हमारा योगदान 3.7 प्रतिशत है। देश के खाद्यान्न भंडार को भरने वाला दूसरा बड़ा राज्य है। प्रति व्यक्ति आय में बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर है।
प्रधानमंत्री ने संविधान में निहित जनसेवा, लोककल्याण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को शासन की कार्यसंस्कृति से जोड़ा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान में निहित जनसेवा, लोककल्याण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को शासन की कार्यसंस्कृति से जोड़ने का कार्य किया है। राजपथ को कर्तव्य पथ की पहचान देकर उन्होंने प्रत्येक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व का स्मरण कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया गेट के समीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा की स्थापना हमारे स्वतंत्रता संग्राम के त्याग, साहस और राष्ट्र समर्पण के आदर्शों के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति है।
जनकल्याण की विभिन्न योजनाएं बनीं जमीनी बदलाव का सशक्त माध्यम
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने 60 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी। स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच दिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवारों को पक्के घर मिलने से सुरक्षित आश्रय मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जिस प्रकार से हरियाणा आगे बढ़ा है और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान बनाकर सम्मान के साथ उनके घरों की चाबियां सौंपी गई हैं, यह कोई छोटा बदलाव नहीं है। गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाना ही हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि सदन में खड़े होकर मैं भी बहुत कुछ बोल सकता हूं, लेकिन हकीकत यह है कि जमीनी स्तर पर बहुत बदलाव आए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ गरीब माताओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति देकर उनके स्वास्थ्य व सम्मान की रक्षा की। उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री ने जब लाल किले से स्वच्छ भारत की घोषणा की तो लोगों ने उनका मजाक उड़ाया। लेकिन आज स्वच्छ भारत मिशन में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण ने हमारी माताओं-बहनों को सुरक्षा व गरिमा प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माता बहनों को दो-दो किलोमीटर तक पैदल चलकर जाना पड़ता था स्वच्छ पानी लेने के लिए लेकिन आज जल जीवन मिशन ने हर गांव के हर घर में नल से स्वच्छ जल पहुंचाकर जीवन को सरल बनाया है। इससे वास्तव में करोड़ों लोगों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास का एक नया संचार हुआ है।
संवैधानिक भावनाओं के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को मजबूत कर रही सरकार
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज देशभर में हम कहीं भी जाएं, वहां कोई न कोई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना का कार्य प्रगति पर है। चाहे वह मेट्रो हो या फ्रेट कॉरिडोर हो, एक्सप्रेसवे हो, बड़े पुल हों या बंदरगाहों का विकास हो। देश के हर हिस्से में इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास का कार्य हो रहा है।
हरियाणा का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा, पिछले 12 वर्षों में 22 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित, 11 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई गईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हरियाणा का हर जिला किसी न किसी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा हुआ है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में 22 नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए गए हैं, जिनमें से 12 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त, इसी अवधि में 11 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई गई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने गत 17 जुलाई को जींद-सोनीपत रेलमार्ग पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हरियाणा को स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक सौगात दी।
बिना पर्ची–बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां देकर संविधान की मूल भावना को किया साकार
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे युवाओं के लिए संविधान द्वारा दिया गया सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है आर्टिकल 16, जो कहता है कि सरकारी नौकरियों में भेदभाव न हो। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां देकर संविधान की इस मूल भावना को साकार किया है। प्रधानमंत्री ने भी 4 फरवरी, 2025 को लोकसभा में इसकी सराहना की है।
हरियाणा के लोगों ने परिश्रम को अपनी शक्ति, संकल्प को अपना मार्ग और राष्ट्रसेवा को अपना धर्म बनाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब जानते हैं कि हरियाणा की स्थापना 1 नवंबर, 1966 को हुई। उस समय हमारे सामने अनेक चुनौतियां थीं। उन्होंने कहे कि उस समय हमारे पास संसाधन सीमित थे और भविष्य का रास्ता भी आसान नहीं था। लेकिन हमारे प्रदेश के लोगों ने कठिनाइयों को अपनी नियति नहीं बनने दिया। उन्होंने परिश्रम को अपनी शक्ति, संकल्प को अपना मार्ग और राष्ट्रसेवा को अपना धर्म बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने यह सिद्ध किया है कि यदि जनता के भीतर आत्मविश्वास हो, नेतृत्व में विकास की इच्छाशक्ति हो और लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हों, तो सीमित साधनों से भी असाधारण उपलब्धियां अर्जित की जा सकती हैं।
हीरक जयंती अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी और समृद्ध प्रदेश बनाने के संकल्प का अवसर
नायब सिंह सैनी ने कहा कि संविधान दिवस हमें यह भी याद दिलाता है कि लोकतंत्र तब सार्थक होता है, जब शासन अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, जब गरीब को अवसर मिले, किसान को सम्मान मिले, युवा को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिले, महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने तथा हर नागरिक को न्याय और विकास का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की हीरक जयंती का सच्चा अर्थ भी यही है कि हम अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाएं, अपनी कमियों को पहचानें और आने वाले वर्षों के लिए अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी और समृद्ध प्रदेश बनाने का संकल्प भी लें।
सभी 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है हरियाणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करता है। हमारी यह व्यवस्था किसान के श्रम और उसकी उपज के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हम खेती को गेहूं और धान तक सीमित रखने के बजाय आज बागवानी, प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण और आधुनिक तकनीक की ओर गति से आगे बढ़ा रहे हैं। आज कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक जैसे ड्रोन, एआई और डिजिटल साधनों का उपयोग करके किसान की लागत कम करने और आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
12 वर्षों में 17,676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि, 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहे कि पिछले 12 वर्षों में 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि, 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां*
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं ने हरियाणा का नाम खेलों में विश्वभर में रोशन किया है। उनका मानना है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, वे अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना का निर्माण करते हैं। इसी उद्देश्य से हमने प्रदेश में नई खेल व रोजगार नीति बनाई है।
इसके तहत पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है। प्रदेश के 260 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
पिछले 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां, 1 लाख 56 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण
नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसी प्रकार, शिक्षा और कौशल विकास हमारे युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करते हैं। प्रदेश में युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी रोजगार देने, कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही, एक लाख 56 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण भी दिया गया है। हमारा लक्ष्य है कि हर युवा अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ सके और उसे अपने सपनों के लिए प्रदेश से बाहर जाने की विवशता न हो।
पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर विकास में बनाया बराबर का भागीदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता किसी भी समाज की उन्नति की कसौटी हैं। स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न कल्याणकारी पहलों के माध्यम से महिलाओं को अवसरों और संसाधनों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र में भी कहा था कि कैसे महिलाओं को सशक्त किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 2100 रुपए देंगे और उन्हें खुशी है कि उनका सरकार महिलाओं को 2100 रुपए देने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर उन्हें विकास में बराबर का भागीदार बनाया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रदेश की बहन-बेटियों को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
संविधान की 77वीं वर्षगांठ पर संविधान की प्रस्तावना को अपने व्यवहार में उतारने का लें संकल्प
मुख्यमंत्री ने संविधान की इस 77वीं वर्षगांठ पर संविधान की प्रस्तावना को अपने व्यवहार में उतारने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यह होगी कि हम उनके बनाए लोकतांत्रिक मार्ग पर विश्वास रखें, उसकी मर्यादा का पालन करें और एक ऐसे भारत के निर्माण में योगदान दें, जहां न्याय सबको मिले, अवसर सबके लिए हों और हर नागरिक की गरिमा सुरक्षित रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।




