पहली बार हुई ई-कैबिनेट बैठक, पेपरलेस होगी मंत्रिमंडल की पूरी कार्यप्रणाली
न्यूज़म ब्यूरो
पटना, 25 नवंबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में औद्योगिक विकास, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सहित कई क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बैठक के साथ ही बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हुई। अब मंत्रिमंडल की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल और पेपरलेस होगी।
औद्योगिक विकास के लिए भूमि अधिग्रहण
कैबिनेट ने नालंदा जिले के इस्लामपुर स्थित ब्रह्मगांवा में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी। समस्तीपुर के खानपुर अंचल के तीन मौजों में 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 261.92 करोड़ रुपये और शेखपुरा के चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ भूमि के लिए 62.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। किशनगंज के ठाकुरगंज अंचल में बिहार सरकार की 11.884 डिसमिल जमीन एसएसबी की 19वीं और 41वीं वाहिनी के वॉच टावर निर्माण के लिए हस्तांतरित करने की भी स्वीकृति दी गई।
पटना जलापूर्ति परियोजना को 1,794 करोड़
केंद्र प्रायोजित अमृत 2.0 मिशन के तहत पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इससे शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। ग्राम कचहरियों के प्रशासनिक खर्च की वार्षिक राशि 4,000 रुपये से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2027 से 24,000 रुपये करने का भी निर्णय लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग में नए पद, 11 डॉक्टर बर्खास्त
इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को मंजूरी मिली। कल्याण विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग के 17 नए पद भी स्वीकृत किए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के 11 चिकित्सकों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया। इनमें डॉ. अनामिका कुमारी, डॉ. राकेश कुमार निराला, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित, डॉ. गोपीनाथ भगत, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रवि रंजन, डॉ. मोहम्मद शाहनवाज कौसर, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रसून दिवाकर, डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. अरुण कुमार शामिल हैं।
आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठन
राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार और आर्थिक विकास को गति देने के लिए बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक विस्तार दिया गया है। इसके लिए 164 करोड़ 51 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए। बिहार खनिज नियमावली 2026 को भी मंजूरी मिली।
पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को मुफ्त कोचिंग
पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को यूपीएससी, बीपीएससी और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑफलाइन तैयारी कराने के लिए 31 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इसके साथ ही कल्याण लिपिक संवर्ग नियमावली 2026 को स्वीकृति दी गई। खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका 2026 को भी मंजूरी मिली। इसके तहत मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सरकारी अनुदान दिया जाएगा।
नियमावलियों और निर्माण कार्यों को मंजूरी
मेडिकल कॉलेजों में नियुक्तियों के लिए बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट सह रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा संवर्ग नियमावली 2026 और बिहार प्रोस्थेटिक एवं ऑर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली 2026 के गठन को मंजूरी दी गई। राज्य में ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक, कार्यालय और आवासीय भवनों के विकास के लिए एनबीसीसी इंडिया लिमिटेड, दिल्ली के साथ समझौते को भी स्वीकृति मिली। पटना के लोदीपुर में एसटीएफ मुख्यालय भवन के निर्माण की अवधि एक साल बढ़ा दी गई।
टैब पर खर्च हुए दो करोड़ रुपये
कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि बिहार में पहली बार ई-कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। इससे कागज और समय दोनों की बचत होगी। बैठक के लिए टैबलेट खरीदने पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसकी भरपाई छह से सात महीने में हो जाने का अनुमान है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी साझा की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
