परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने लिया संज्ञान, 2 दिसंबर को होगी संबंधित अधिकारियों की बैठक
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 25 नवंबर। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) कर्मचारियों की सहकारी बैंक में करीब 25 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले पर नजर रखेंगे। इस संबंध में 2 दिसंबर को संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।
महाराष्ट्र एसटी कर्मचारी कांग्रेस के महासचिव श्रीरंग बरगे ने बुधवार को सरनाईक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और बैंक में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सरनाईक ने आश्वासन दिया कि वह मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करेंगे।
खरीद, भर्ती और वित्तीय लेन-देन पर गंभीर आरोप
ज्ञापन के अनुसार, बैंक में फर्नीचर, नवीनीकरण, कंप्यूटर, एसी, सीसीटीवी और अन्य उपकरणों की खरीद में करीब 25 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी हुई है। आरोप है कि चुनिंदा ठेकेदारों के साथ मिलीभगत कर निविदा प्रक्रिया में फर्जी प्रतिस्पर्धा दिखाई गई और सामान की आपूर्ति से पहले ही 100 प्रतिशत अग्रिम भुगतान किया गया। निविदा क्रमांक 13/2025-26 की महत्वपूर्ण फाइल गायब होने की शिकायत भी की गई है। इसकी जांच सहकारिता विभाग और आर्थिक अपराध शाखा कर रही है।
इसके अलावा, करीब 170 कर्मचारियों की कथित नियमविरुद्ध भर्ती और नौकरी के बदले आर्थिक लेन-देन के आरोप लगाए गए हैं। बैंक की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद कुछ कर्मचारियों के खातों में 75-75 हजार रुपये प्रोत्साहन भत्ता जमा कर उसी दिन रकम बाहरी व्यक्तियों को दिए जाने का भी दावा किया गया है।
डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य खर्चों की जांच की मांग
ज्ञापन में आरटीजीएस के जरिए संदिग्ध रकम हस्तांतरण और बैंक के सॉफ्टवेयर से कुछ रिकॉर्ड हटाए जाने की आशंका जताई गई है। इसके लिए सर्वर, ऑडिट लॉग और डिजिटल बैकअप की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही करीब 1.17 करोड़ रुपये की स्टेशनरी खरीद और कर्मचारी व सदस्यों के बीमा खर्च में कथित अनियमितताओं की जांच का मुद्दा भी उठाया गया है।
श्रीरंग बरगे ने आर्थिक अपराध शाखा से स्वतंत्र जांच, फॉरेंसिक ऑडिट, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और बैंक को हुए नुकसान की वसूली की मांग की है। साथ ही जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। अब 2 दिसंबर की बैठक में जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा होगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
