Follow

सौरभ को लंदन जाने से रोका तो भड़के दीपके, दी आंदोलन की चेतावनी

न्यूज़म ब्यूरो

सीजेपी प्रमुख ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और युवाओं के अधिकारों का मुद्दा उठाया

छत्रपति संभाजीनगर, 24 नवंबर। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने सौरभ दास को लंदन जाने से रोके जाने की घटना पर केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय माल्या, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी जैसे आर्थिक अपराधियों को देश से भागने से रोकने में सरकार नाकाम रही, जबकि देश के मुद्दे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने वाले युवाओं के रास्ते में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। दीपके ने इस कार्रवाई को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा मामला बताते हुए 26 नवंबर को नागपुर में आंदोलन करने की घोषणा की।

लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के कार्यक्रम में जाना था

मंगलवार (24 नवंबर) को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने बताया कि सौरभ दास को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में आयोजित एक कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। वहां उसे कॉकरोच आंदोलन के साथ महात्मा गांधी और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचार रखने थे। लंदन स्थित डॉ. आंबेडकर के निवास स्थान पर जाने का कार्यक्रम भी था। इसके बावजूद सौरभ को हवाई अड्डे से वापस लौटना पड़ा।

Advertisement

उड़ान से कुछ घंटे पहले नोटिस देने पर सवाल

दीपके के अनुसार, सौरभ को रात में लंदन के लिए रवाना होना था, लेकिन उसी दिन शाम को उसे नोटिस दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे सौरभ को अपना पक्ष रखने और जवाब देने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला। उन्होंने सवाल किया कि यदि सौरभ के पासपोर्ट में कोई त्रुटि थी तो वर्ष 2019 में पासपोर्ट जारी करते समय इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया? उनके मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना से पहले सौरभ दो बार विदेश यात्रा भी कर चुका था।

दीपके ने खुद को भी विमान से उतारे जाने का दावा किया

दीपके ने अपना अनुभव साझा करते हुए दावा किया कि उन्हें भी विदेश से निमंत्रण मिला था, लेकिन सौरभ को कार्यक्रम में भेजने के लिए कहने के बाद उन्हें विमान से उतार दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन से जुड़े लोगों को व्यक्तिगत स्तर पर परेशान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा।

नागपुर में आंदोलन, ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान जारी

आंदोलन कमजोर पड़ने की चर्चाओं को खारिज करते हुए दीपके ने कहा कि संगठन अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने 26 नवंबर को नागपुर में आंदोलन करने की घोषणा की। दीपके ने बताया कि ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के बाद पार्टी ने अब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों की समस्याओं और स्कूलों की स्थिति से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh