पेपर लीक करने वालों को 7 से 10 साल की जेल की सिफारिश,वी. राधा समिति ने सरकार को सौंपी दूसरी रिपोर्ट, STF और फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का भी सुझाव
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 24 नवंबर। महाराष्ट्र में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, धांधली और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए गठित वी. राधा समिति ने सरकार को अपनी दूसरी रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें संगठित रूप से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ 7 से 10 साल की जेल तथा कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माने का प्रावधान करने की सिफारिश की गई है। समिति ने नुकसान की भरपाई कराने और धांधली में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त करने का सुझाव भी दिया है।
गंभीर मामलों की जांच के लिए STF
समिति ने गंभीर अपराधों की जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) गठित करने और मामलों के जल्द निपटारे के लिए विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की सिफारिश की है। जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपने का सुझाव भी दिया गया है। रिपोर्ट में परीक्षा संचालन, प्रशासनिक समन्वय, साइबर सुरक्षा और तकनीक के इस्तेमाल से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया गया है।
MPSC उम्मीदवारों की फीस लौटाने का सुझाव
उम्मीदवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए समिति ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को पूरी परीक्षा फीस लौटाने पर विचार करने की सिफारिश की है। इसके अलावा, यदि किसी उम्मीदवार की उत्तर कुंजी पर दर्ज आपत्ति सही पाई जाती है, तो आपत्ति दर्ज कराने के लिए ली गई फीस भी वापस करने का सुझाव दिया गया है।
चार चरणों में सौंपी जाएंगी रिपोर्टें
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने 4 सितंबर 2026 को सरकारी प्रस्ताव (GR) जारी कर सामान्य प्रशासन विभाग (सेवा) की अतिरिक्त मुख्य सचिव वी. राधा की अध्यक्षता में उच्च-स्तरीय समिति गठित की थी। इसका उद्देश्य राज्य की भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाना है।समिति ने अपनी पहली रिपोर्ट 4 नवंबर 2026 को सौंपी थी, जो MPSC की ग्रुप-सी परीक्षाओं पर केंद्रित थी। दूसरी रिपोर्ट 23 नवंबर को सरकार को दी गई। समिति को कुल चार रिपोर्टें सौंपनी हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
