Follow

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब में नतमस्तक हुए केवल सिंह ढिल्लों

सर्बत के भले, पंजाब की खुशहाली और मानवता की चढ़दी कला के लिए की अरदास
गुरु साहिबान की चरण-छोह प्राप्त पवित्र स्थान पर नतमस्तक होना सौभाग्य की बात: केवल सिंह ढिल्लों
कपाल मोचन साहिब हिंदू-सिख भाईचारे और साझी विरासत का प्रतीक: केवल सिंह ढिल्लों
प्रदेश अध्यक्ष ने संगत को दी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई
हरियाणा सरकार द्वारा संगत के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष धन्यवाद
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 23 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने पवित्र ऐतिहासिक सरोवर से पवित्र जल का चूला (आचमन) ग्रहण किया। इसके उपरांत उन्होंने गुरु नानक देव जी की चरण-छोह प्राप्त गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब तथा गुरु गोबिंद सिंह जी की चरण-छोह प्राप्त गुरुद्वारा पातशाही दसवीं में माथा टेका। उन्होंने सर्बत के भले, पंजाब की खुशहाली और समस्त मानवता की चढ़दी कला के लिए अरदास की। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में लगाई गई ऐतिहासिक प्रदर्शनी भी देखी और इस पवित्र स्थान से जुड़े इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधकों की ओर से केवल सिंह ढिल्लों का विशेष सम्मान भी किया गया।
संगत को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वे स्वयं को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें गुरु साहिबान की चरण-छोह प्राप्त इस पवित्र ऐतिहासिक स्थान पर नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा श्री कपाल मोचन साहिब केवल सिख संगत के लिए ही नहीं, बल्कि हिंदू-सिख भाईचारे, साझी विरासत और आपसी सद्भाव का भी प्रतीक है। यह स्थान लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
उन्होंने कहा कि दशकों से पंजाब के मालवा क्षेत्र सहित विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में संगत गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर इस पवित्र स्थान पर नतमस्तक होने के लिए पहुंचती है। यह धार्मिक परंपरा पंजाब और हरियाणा के बीच साझे सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों को भी दर्शाती है।
केवल सिंह ढिल्लों ने हरियाणा सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा गुरुपर्व पर संगत की भारी आमद को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि हजारों की संख्या में पहुंच रही संगत की सुविधा और बेहतर प्रबंधों के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा किए गए प्रयास सराहनीय हैं।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh