ज्वलनशील पदार्थों के कारण तेजी से फैली आग, 10 से 12 दमकल गाड़ियों ने रातभर संभाला मोर्चा; करोड़ों के नुकसान की आशंका।
राहुल गुप्ता
नवी मुंबई, 23 नवंबर। रविवार रात एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। वाशी सेक्टर-18 के मेफ्को मार्केट इलाके में स्थित एक तेल कंपनी के गोदाम में रात करीब 9 बजे आग लग गई। गोदाम में तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। कई किलोमीटर दूर से आग की लपटें और आसमान में उठते आग के गोले दिखाई दे रहे थे।
आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पास की प्लाईवुड और कूरियर कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद आसपास के इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
10 से 12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे तेल कंपनी के गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी और ज्वलनशील पदार्थों के कारण लपटें आसपास फैल गईं।
सूचना मिलते ही नवी मुंबई दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को और फैलने से रोकने की कोशिश की। आग पर काबू पाने के लिए रातभर मशक्कत जारी रही। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया गया।
तीनों कंपनियों को भारी नुकसान की आशंका
गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई और कंपनी में कोई मजदूर मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, तेल कंपनी के गोदाम के साथ प्लाईवुड और कूरियर कंपनियों में भी आग फैलने से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, तीनों कंपनियों का करोड़ों रुपये का माल जलकर नष्ट हो सकता है।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने का सटीक कारण सामने नहीं आया है। दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम घटना की जांच करेगी। आग पर पूरी तरह काबू पाने और प्रभावित परिसरों में कूलिंग ऑपरेशन पूरा करने के लिए दमकल कर्मियों की मशक्कत जारी रही।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
