Follow

NCP विलय की चर्चा पर भाजपा का राउत पर तंज, बोले- उद्धव की पार्टी का कांग्रेस में कब होगा विलय?

MVA सरकार के कार्यकाल की दिलाई याद, मोदी सरकार में अभिव्यक्ति की आजादी का दावा,फोन टैपिंग के आरोपों पर भी साधा निशाना

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 14 नवंबर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच महाराष्ट्र की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना फिल्म ‘शोले’ के असरानी से की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राकांपा के विलय की चर्चा से संजय राउत की बेचैनी बढ़ गई है और उनकी हालत असरानी जैसी हो गई है। अब उन्हें ‘आधे इधर जाओ, आधे उधर जाओ, बाकी सब हमारे पीछे’ वाला संवाद बोलने की नौबत आ गई है।

सामना के संपादकीय पर उठाए सवाल

नवनाथ बन ने कहा कि राकांपा के विलय के मुद्दे पर संजय राउत को सामना के संपादकीय में टिप्पणी करने की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच-छह वर्षों से राउत राजनीतिक मुद्दों पर फिल्मी संवादों के बजाय सलीम-जावेद की फिल्मों की कहानी की तरह मनगढ़ंत बातें पेश कर रहे हैं।

Advertisement

MVA सरकार के कार्यकाल की दिलाई याद

भाजपा प्रवक्ता ने महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कोविड के दौरान पत्रकारों पर कार्रवाई कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाया गया। एक कार्टून फॉरवर्ड करने पर पूर्व नौसेना अधिकारी के साथ मारपीट की गई और उनकी आंख फोड़ दी गई। कई कार्यकर्ताओं को जेल भेजा गया। उस समय उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, लेकिन संजय राउत ने इन घटनाओं पर आवाज नहीं उठाई। बन ने कहा कि ऐसे में राउत को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल उठाने से पहले अपने पुराने रुख पर विचार करना चाहिए।

मोदी सरकार में अभिव्यक्ति की आजादी का दावा

नवनाथ बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है। इसी वजह से संजय राउत रोज सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पाते हैं। उन्होंने राउत पर राजनीतिक बहस को बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित करने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि विधानसभा और महानगरपालिका चुनावों में जनता ने उबाठा की राजनीति का जवाब दिया है।

फोन टैपिंग के आरोपों पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं के फोन टैप किए जाने के आरोपों पर भी भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब किसी का फोन टैप नहीं हो रहा है तो संजय राउत को ही इसकी इतनी चिंता क्यों है? उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े किसी ठोस सबूत पर भी सवाल किया। बन ने राउत की चिंता को लेकर तंज कसते हुए कई सवाल उठाए।

कांग्रेस में विलय की तारीख बताने की चुनौती

भाजपा नेता ने संजय राउत से पूछा कि सरकार के अप्रैल या मई में गिरने की भविष्यवाणी करने के बजाय वह यह बताएं कि उद्धव ठाकरे की पार्टी का कांग्रेस में विलय कब होगा। अप्रैल महीने का मुहूर्त बताने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक अप्रैल को अप्रैल फूल दिवस मनाया जाता है। संभव है कि यह तारीख उबाठा और महाविकास आघाड़ी के कार्यकर्ताओं को अप्रैल फूल बनाने के लिए बताई जा रही हो।

नवनाथ बन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 तक देश का नेतृत्व करेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव के बाद भी भाजपा तथा एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने संजय राउत को सरकार गिरने की चिंता छोड़कर कांग्रेस के दरवाजे पर बैठने की सलाह देते हुए निशाना साधा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh