वर्ल्ड बॉक्सिंग कप–2025 में कांस्य पदक जीतकर लौटीं हरियाणा की शान
महम चौबीसी ने जो मान-सम्मान की पगड़ी पहनाई, उसे कभी कम नहीं होने दूंगी : स्वीटी बूरा
महम/रोहतक, 27 नवंबर। विश्वस्तरीय मुक्केबाज़ी में भारत का परचम बुलंद करने वाली, स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित महिला बॉक्सर स्वीटी बूरा का महम पहुंचने पर वीरवार को जोरदार स्वागत किया गया। फूल-मालाओं की वर्षा और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गर्व और उत्साह से गूंज उठा। शहर और आस-पास के ग्रामीण इलाकों से उमड़ी भारी भीड़ इस गौरव के क्षण की साक्षी बनी। कार्यक्रम स्थल पर लोगों में सुप्रसिद्ध खिलाड़ी के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ देखी गई।
महंत सतीश दास ने किया भव्य सम्मान समारोह का आयोजन
मुख्य आयोजक महंत सतीश दास ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा की बेटियां आज विश्व पटल पर अपनी प्रतिभा का परचम फहरा रही हैं। उन्होंने कहा,
“स्वीटी बूरा सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि हरियाणा की मेहनतकश बेटियों का आत्मविश्वास हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि गांव की मिट्टी में विश्व विजेता बनने की ताकत होती है। स्वीटी जैसी खिलाड़ी नई पीढ़ी, खासकर ग्रामीण इलाकों की बेटियों को बड़ा सपना देखने का साहस देती हैं।”
भाजपा नेता शमशेर सिंह खरक ने दी बधाई,“स्वीटी हरियाणा की शक्ति और देहात की बेटी”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर सिंह खरक ने मंच से स्वीटी के संघर्ष और मेहनत की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा,“किसान परिवार में जन्मी स्वीटी बूरा ने कठिन परिस्थितियों से निकलकर विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाई है। वे वास्तविक अर्थों में‘हरियाणा की शक्ति’ और ‘देहात की बेटी’ हैं।”
उन्होंने आगे कहा,“स्वीटी का अनुशासन और जीत का जज्बा लाखों ग्रामीण युवाओं—विशेषकर बेटियों—के लिए प्रेरणा है। हम प्रार्थना करते हैं कि वे जल्द स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम और ऊंचा करें।”
वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 : भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन
अपने संबोधन में स्वीटी बूरा ने ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 18 देशों के 140 से अधिक एलीट बॉक्सर शामिल हुए। कई ओलंपिक पदक विजेता भी इस मुकाबले का हिस्सा थे। भारत ने कुल 20 पदक (9 स्वर्ण, 6 रजत, 5 कांस्य) जीतकर इतिहास रचा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम के इस प्रदर्शन को“रिकॉर्ड-ब्रेकिंग”बताते हुए विशेष रूप से सराहा।
महम में सतगुरु महाराज की कुटिया में हुआ भव्य आयोजन
स्वीटी का सम्मान सतगुरु महाराज जी की कुटिया में किया गया। महंत सतीश दास ने उन्हें शक्ति का प्रतीक गद्दा भेंट की। भाजपा नेता शमशेर सिंह खरक और चौबीसी सर्वखाप पंचायत के प्रधान अनिल राठी ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। मौके पर नरेश चेयरमैन, सैमाण की सरपंच उर्मिला देवी, वरिष्ठ एडवोकेट रोहतास राठी, जिला सचिव रेखा रोहिल्ला, तपा प्रधान रामकिशन मलिक मोखरा, भैणी चंद्रपाल के सरपंच यशपाल और राजकुमार पहलवान ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। स्वीटी बूरा के साथ उनकी छोटी बहन अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज सीवी बूरा और बॉक्सर मुस्कान ने भी शिरकत की।
स्वीटी बूरा ने कार्यक्रम में उपस्थित भारी संख्या में आई महिलाओं और युवाओं को देख भावुक होकर कहा,“महम के लोगों ने जो मान-सम्मान दिया है, उसे मैं जीवनभर नहीं भूलूंगी। आप सभी मुझे परिवार के सदस्यों जैसे महसूस होते हैं। जहां भी मेरा योगदान संभव होगा, मैं पूरी निष्ठा से आपके साथ खड़ी रहूंगी।”
कार्यक्रम में चौबीसी सर्वखाप पंचायत के प्रधान अनिल राठी, तपा प्रधान रामकिशन मोखरा, भैणी चंद्रपाल के सरपंच यशपाल, राजकुमार पहलवान, उर्मिला सरपंच (सैमाण), चेयरमैन नरेश कुमार, वरिष्ठ एडवोकेट रोहतास राठी, मनदीप शर्मा, अनिल जांगड़ा, सुरेश कौशिक, रेखा रोहिल्ला, सुनील कुमार, राजा मोखरा, सरपंच टिंकू (भैणी), राज मेंबर, सुमेर मोखरा, प्रवीण खत्री सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।