सहकारी समितियों को सशक्त बनाना और हैफेड की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना प्राथमिकता — एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 5 नवंबर। एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने आज पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन प्रसंघ (हैफेड) के मुख्यालय में चेयरमैन के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, सुरेश सैनी, हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य आनंद शर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सहकारी समितियों के सुचारु संचालन, पारदर्शी कार्यप्रणाली तथा हैफेड को एक सशक्त एवं आधुनिक कृषि सहकारी संस्था के रूप में विकसित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि हैफेड हरियाणा के किसानों और कृषि अर्थव्यवस्था से सीधे तौर पर जुड़ी एक महत्वपूर्ण संस्था है। किसानों के हितों की रक्षा, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन, सहकारी समितियों के बीच समन्वय तथा संस्थागत कार्यप्रणाली में दक्षता लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
शर्मा ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश की सहकारी समितियाँ सुचारु रूप से कार्य करें और हैफेड की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचे। किसानों की समृद्धि, सहकारिता की मजबूती और संस्था की कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। साथ ही हैफेड की गतिविधियों को और अधिक किसान हितैषी, जवाबदेह तथा परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में हैफेड सहकारिता और कृषि विपणन के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।