राहुल गांधी पर साधा निशाना; इमरान खान और अभिनेत्री दिया मिर्जा के मामले में भी दी प्रतिक्रिया
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 3 नवंबर। भाजपा नेता एवं विधायक राम कदम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान के नाम पर देश में भ्रम फैलाने और उसी संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगी दल देश की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इसी हताशा में विपक्ष वैचारिक दिवालियेपन का शिकार हो गया है। राम कदम ने इमरान खान और अभिनेत्री दिया मिर्जा से जुड़े विवादों पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
13 वर्षों में देश में हुआ व्यापक बदलाव
राम कदम ने कहा कि पिछले 13 वर्षों में देश में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इतिहास के पन्ने पलटकर देखें तो पहले का भारत और आज का भारत बिल्कुल अलग दिखाई देता है। उनके मुताबिक, भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देशभर में सड़कों का निर्माण हो रहा है, वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम जारी है। हर क्षेत्र में देश आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाए जा सकते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई दाग नहीं लगाया जा सकता। विपक्ष की हताशा के कारण ही इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।
संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप
राम कदम ने कहा कि यदि विपक्ष संविधान का नाम लेकर उसी संविधान की धज्जियां उड़ाता है, तो भाजपा का दायित्व है कि वह सड़कों पर उतरकर विपक्ष की राजनीति का पर्दाफाश करे और उसका वास्तविक चेहरा जनता के सामने लाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका पूरा देश ही परिवार है। उन्होंने अपना जीवन त्याग और समर्पण के लिए समर्पित किया है और इस उम्र में भी 20-20 घंटे काम कर रहे हैं। राम कदम ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उसके पास आरोपों के समर्थन में सबूत हैं तो उन्हें सामने लाना चाहिए। बिना प्रमाण आरोप लगाने से जनता के सामने विपक्ष की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले संविधान को लेकर फैलाया भ्रम
आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव के संदर्भ में राम कदम ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी और विपक्ष ने संविधान को लेकर जिस तरह का भ्रम फैलाया था, उसका राजनीतिक लाभ अब उन्हें नहीं मिल रहा है। विपक्ष उस समय कुछ हद तक लोगों को भ्रमित करने में सफल रहा, लेकिन बार-बार झूठ बोलकर जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक और समझदार है। वह मोबाइल के माध्यम से पूरी दुनिया की जानकारी हासिल करता है और हर मुद्दे का स्वयं विश्लेषण करता है। इसलिए अब बार-बार गलत जानकारी फैलाकर लोगों को प्रभावित करना आसान नहीं है।
इमरान खान के मामले में हाईकोर्ट के फैसले का समर्थन
अमेरिकी नागरिक और ओसीआई कार्ड धारक अभिनेता इमरान खान के राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के मामले पर भी राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की टिप्पणी और बिना शर्त माफी मांगने के निर्देश का समर्थन किया।
राम कदम ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक आंदोलनों और राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लेने का अधिकार देश के नागरिकों को है। विदेशी नागरिक भारत में घूमने और अपने निर्धारित उद्देश्यों के लिए आ सकते हैं, लेकिन उन्हें देश के आंतरिक राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों में शामिल नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश अपने आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी नागरिकों की इस तरह की भागीदारी को सामान्य रूप से स्वीकार नहीं करता। विदेशी नागरिकों को अपने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन करने का अधिकार है।
दिया मिर्जा के बयान पर भी उठाए सवाल
अभिनेत्री दिया मिर्जा द्वारा दिवाली पर पटाखे नहीं फोड़ने को लेकर दिए गए जनजागरूकता संदेश से जुड़े विवाद पर राम कदम ने कहा कि प्रत्येक कलाकार की प्रतिभा और अभिनय का सम्मान किया जाना चाहिए। हालांकि, किसी भी व्यक्ति को दूसरे धर्म के त्योहारों पर टिप्पणी करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सनातन हिंदू धर्म के लोग सहिष्णु हैं और वे किसी को दुख या तकलीफ नहीं पहुंचाना चाहते। हिंदू समाज अच्छी तरह जानता है कि त्योहार कैसे मनाने हैं और ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को किस तरह नियंत्रित करना है। इसके लिए किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति से नसीहत लेने की आवश्यकता नहीं है।
राम कदम ने इस मामले में अपनी आपत्ति जताते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक बयान देते समय सभी को संवेदनशीलता और संयम बरतना चाहिए।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
