Follow

लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए भाजपा का सड़क पर उतरना ‘चोर की उल्टी बांग’: हर्षवर्धन सपकाल

संविधान का विरोध भाजपा और आरएसएस करते रहे हैं

‘वोट चोरी’ पकड़े जाने से भाजपा में बेचैनी, राहुल गांधी को लेकर मोदी-शाह पर साधा निशाना

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 2 नवंबर। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान बचाने के नाम पर भाजपा का देशभर में रैलियां निकालना ‘चोर की उल्टी बांग’ जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान और लोकतंत्र के असली विरोधी भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हैं। भाजपा के मुंह में संविधान और मन में मनुस्मृति है। सपकाल ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान को लेकर भाजपा और फडणवीस का प्रेम ‘पुतना मौसी के प्रेम’ जैसा है।

इंडिया गठबंधन की रैली से भाजपा में बेचैनी का आरोप

Advertisement

सपकाल ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली से मोदी सरकार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। इस रैली के प्रभाव से भाजपा घबरा गई है और अब देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ रैलियां कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस की विचारधारा संविधान को स्वीकार नहीं करती, जबकि भाजपा के कई नेता खुले तौर पर संविधान बदलने की बात कर चुके हैं।

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर मोदी-शाह को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 2024 के चुनाव में वोट चोरी के जरिए मोदी और फडणवीस की सरकारें सत्ता में आईं। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी पकड़े जाने के बाद भाजपा में बेचैनी है और सत्ता जाने के बाद कार्रवाई होने का डर सता रहा है। सपकाल ने आरोप लगाया कि मोदी-शाह सरकार चुनाव आयोग के जरिए 13 करोड़ नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा घुसपैठियों का मुद्दा उठाती है, लेकिन कितने घुसपैठियों को पकड़ा गया, इसका आंकड़ा नहीं बताती। मुख्यमंत्री फडणवीस में हिम्मत है तो उन्हें घुसपैठियों की संख्या सार्वजनिक करनी चाहिए। घुसपैठियों के नाम पर आम नागरिकों का मतदान का अधिकार नहीं छीना जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि लोकतंत्र में चुनाव के माध्यम से सत्ता परिवर्तन स्वाभाविक प्रक्रिया है, फिर मोदी, शाह और फडणवीस इससे इतना डर क्यों रहे हैं?

संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण का आरोप

सपकाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। विश्वविद्यालयों और संवैधानिक संस्थाओं में भाजपा तथा संघ से जुड़े लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सत्ताधारी दल को नोटिस तक नहीं भेजता, जबकि न्यायपालिका में सरकार के हस्तक्षेप को लेकर सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी सार्वजनिक रूप से चिंता जता चुके हैं।

उन्होंने भाजपा पर संविधान बदलने की मंशा का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान ‘400 पार’ का नारा इसी उद्देश्य से दिया गया था। भाजपा के कई नेताओं ने सार्वजनिक सभाओं में सत्ता में आने पर संविधान बदलने की बात कही थी, जिसे फडणवीस आज सुविधानुसार भूल रहे हैं।

राहुल गांधी के संविधान पर भाजपा को आपत्ति क्यों?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के हाथ में रहने वाले लाल कवर वाले संविधान को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी द्वारा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान को दिखाने से भाजपा को आपत्ति क्यों है और लाल रंग से उसे इतनी परेशानी क्यों हो रही है?

सपकाल ने कहा कि भाजपा की आक्रामक प्रतिक्रिया इसलिए है, क्योंकि उसकी कथित वोट चोरी उजागर हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी राहुल गांधी को कमतर आंकने वाली भाजपा आज उनसे इतनी परेशान है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हर समय राहुल गांधी ही दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी करने वालों को सजा मिलनी ही चाहिए।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh