Follow

कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का फडणवीस सरकार पर हमला

सपकाल का तंज- मुख्यमंत्री घासीराम कोतवाल, गृह मंत्री पांडु कांस्टेबल बनकर रह गए; चीन से फंडिंग के आरोपों पर मांगे सबूत

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 1 नवंबर। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था और कथित अराजकता को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस घासीराम कोतवाल बन गए हैं, जबकि गृह मंत्री होते हुए भी पांडु कांस्टेबल की भूमिका निभा रहे हैं।

चीन से फंडिंग के आरोपों पर पलटवार

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कांग्रेस पर चीन से फंडिंग लेने का आरोप लगाया था। इस पर सपकाल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय भाजपा के नियंत्रण में है। यदि सरकार के पास चीन से फंडिंग के सबूत हैं, तो उसे जांच कर उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने फडणवीस पर संविधान का उल्लंघन करने और बेबुनियाद बयान देने का आरोप लगाया। सपकाल ने कहा कि भाजपा ने वोटों की चोरी और राजनीतिक दलों को तोड़कर सत्ता हासिल की है। ऐसे आरोप लगाकर सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।

Advertisement

विपक्ष के सवालों का जवाब दे सरकार

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उन्हें कांग्रेस की रैली में अराजकता कहां दिखाई दी? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता के भरोसे के बजाय दूसरी पार्टियों से आए नेताओं के समर्थन से सरकार बनाई है। वडेट्टीवार ने कहा कि राहुल गांधी के नाम का डर भाजपा नेताओं के मन में बैठ गया है। चीन से फंडिंग के आरोपों पर उन्होंने भी सरकार से ठोस सबूत पेश करने की मांग की।

चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता सतेज पाटिल ने भी मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावों में कथित अनियमितताओं और वोटों की चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है और उसे रोका नहीं जाता, तो इससे लोकतंत्र के प्रति जनता का भरोसा कमजोर होगा।

पाटिल ने सवाल किया कि यदि विपक्ष गलत चीजों के खिलाफ विरोध कर रहा है, तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अलग-अलग बयान देते हैं, लेकिन मुख्य मुद्दों पर जवाब देने से बचते हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सबूतों के साथ सवाल उठाए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है और सरकार विपक्ष पर हमले कर वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh