Follow

2030 तक महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर की होगी : फडणवीस

मुख्यमंत्री बोले, राज्य की अर्थव्यवस्था 660 अरब डॉलर तक पहुंची

महायुति सरकार के घटक दलों के बीच 99 प्रतिशत समन्वय का दावा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विश्वास जताया है कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। उन्होंने बुधवार को मुंबई में राइजिंग भारत समिति के कार्यक्रम में कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था फिलहाल 660 अरब डॉलर तक पहुंच गई है और महाराष्ट्र को देश की पहली ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र को वैश्विक स्तर पर ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का निर्णय 2015 में लिया गया था। उन्होंने दावा किया कि निवेशकों को राज्य की आर्थिक प्रगति पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि महाराष्ट्र 2030 तक इस लक्ष्य को हासिल कर लेगा।

Advertisement

कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और कुछ अन्य राजनीतिक समूहों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे संविधान हाथ में लेकर अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने अराजकता को देश के लिए बड़ा खतरा बताया था। फडणवीस ने आरोप लगाया कि कुछ लोग संविधान का नाम लेते हैं, लेकिन उसके सिद्धांतों का पालन नहीं करते।

महायुति में समन्वय का दावा

महायुति सरकार के घटक दलों के बीच तालमेल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन सरकार में सभी दलों के साथ समन्वय बनाकर काम करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि वह 99 प्रतिशत समन्वय बनाने में सफल रहे हैं। फडणवीस के अनुसार, तीनों दल महाराष्ट्र का विकास चाहते हैं। कुछ मुद्दों पर असहमति होने के बावजूद सरकार मिलकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh