Follow

पूर्णेकर हत्याकांड को लेकर शिंदे और ठाकरे गुट आमने-सामने

आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में आज ठाणे में मोर्चा, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

सांसद नरेश म्हस्के की चेतावनी, शिंदे के खिलाफ बयानबाजी बर्दाश्त नहीं करेंगे

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 28 अक्टूबर। शिवसेना (यूबीटी) के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को लेकर ठाणे में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुटों के बीच तनाव बढ़ गया है। पूर्णेकर परिवार को न्याय दिलाने और मामले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार, 29 अक्टूबर को शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में ठाणे में मोर्चा निकाला जाएगा। दूसरी ओर, शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हस्के ने चेतावनी दी है कि एकनाथ शिंदे के खिलाफ बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जंभाली नाका से निकलेगा मोर्चा

Advertisement

‘भयमुक्त ठाणे’ की मांग के साथ यह मोर्चा गुरुवार शाम जंभाली नाका स्थित चिंतामणि चौक पर आयोजित किया जाएगा। इसमें सांसद संजय राऊत, अनिल परब सहित पार्टी के स्थानीय नेता और शिवसैनिक शामिल होंगे। आदित्य ठाकरे ठाणे पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर अब तक की गई कार्रवाई और जांच की प्रगति का ब्योरा भी मांगेंगे।

म्हस्के ने दी जवाब देने की चेतावनी

शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हस्के ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल पूर्णेकर की मौत पर राजनीति कर रहे हैं और एकनाथ शिंदे को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ठाणे आकर शिंदे के खिलाफ आरोप लगाए गए तो उनकी पार्टी इसका जवाब देगी। म्हस्के के अनुसार, मंत्री प्रताप सरनाईक पीड़ित परिवार से मिले थे और उन्होंने शिंदे से भी उनकी बात कराई थी। उन्होंने यह भी कहा कि मंगलवार को सड़कें बंद रहने के बावजूद उनकी पार्टी ने विरोध नहीं किया, लेकिन अब शिंदे के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग

पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर मंगलवार को उपमुख्यमंत्री शिंदे के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद पूर्णेकर परिवार और उनके समर्थक नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व सांसद राजन विचारे, जिला प्रमुख केदार दिघे और अन्य विपक्षी नेता भी शामिल हुए। परिवार ने पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे की कथित संलिप्तता पर सवाल उठाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।

29 सितंबर को हुई थी हत्या

पिछले महीने 29 सितंबर को ठाणे के घोड़बंदर रोड स्थित मानपाड़ा इलाके में प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि हत्या का मुख्य सूत्रधार अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh