कोल्हापुर में 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर 15 तोले सोने के जेवर 10 लाख रुपये में बेचे, पुलिस ने आरोपी और सुनार को गिरफ्तार किया।
राहुल गुप्ता
कोल्हापुर, 25 अक्टूबर। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पन्हाला तहसील के सातवे गांव में 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने चचेरे चाचा के घर से 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। इसके बाद गहने बेचकर मिली रकम से नई महिंद्रा थार खरीद ली। हैरानी की बात यह रही कि युवक ने गाड़ी की पूजा के लिए अपने उसी चाचा को आमंत्रित कर दिया, जिसके घर चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी और चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर लिया है।
10 लाख रुपये में बेचे सोने के गहने
पुलिस के मुताबिक, सातवे गांव निवासी समर पोपट चव्हाण अपने चचेरे चाचा उमेश मारुती चव्हाण के घर के पास ही रहता है। आरोप है कि करीब एक महीने पहले समर ने मौका पाकर चाचा के घर से 15 तोले सोने के गहने चुरा लिए। बाद में उसने गांव के सुनार संग्राम बाबासो मोरे के जरिए इन गहनों को 10 लाख रुपये में बेच दिया।
गहने बेचने से मिली रकम से समर ने नई महिंद्रा थार खरीद ली।
गाड़ी की पूजा के दौरान खुला राज
गाड़ी घर लाने के बाद समर ने अपने चाचा उमेश चव्हाण को पूजा में शामिल होने के लिए बुलाया। पूजा की तैयारी के दौरान उमेश ने जब अपने गहने तलाशे, तो वे अलमारी से गायब मिले।
परिवार के मुताबिक, घर में रखे दादी के गहने सुरक्षित थे, जबकि उमेश और उनकी पत्नी के जेवर गायब थे। इससे परिवार को किसी करीबी पर शक हुआ और उमेश ने कोडोली पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने जांच के दौरान समर की अचानक महंगी गाड़ी खरीदने और उसके पास आई रकम के बारे में पड़ताल की। पूछताछ में उसने कथित तौर पर चाचा के घर से गहने चुराने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने समर और चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार संग्राम मोरे को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक श्रीकांत ठिकणे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने की। घटना के बाद सातवे गांव और आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
