हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह
1 नवंबर की महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग बनेगी प्रमुख मुद्दा
हरियाणा कांग्रेस ने तेज की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की तैयारी, दिल्ली महारैली में प्रदेश से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश*
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 24 अक्टूबर। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आज पत्रकार वार्ता में स्पष्ट किया कि 1 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की महारैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की निष्पक्षता, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा देश के लोकतंत्र से जुड़े बुनियादी सवाल हैं। कांग्रेस इन मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
संजय दत्त एवं राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का दो माह का राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ रहा है।
हरियाणा में इस अभियान को जिला, ब्लॉक, गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे मतदाता सूची से संबंधित विसंगतियों का रिकॉर्ड तैयार करें, पात्र मतदाताओं के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करें और 1 नवंबर की महारैली में हरियाणा से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
ज्ञानेश कुमार को हटाने और गिरफ्तारी की मांग पर कांग्रेस का जोर
पत्रकार वार्ता में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र नागरिकों के नाम हटाए जाने की आशंकाओं और सामने आई विसंगतियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि ज्ञानेश कुमार के पद पर रहते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान संभव नहीं है। इसलिए उन्हें पद से हटाना आवश्यक है। साथ ही, यदि जांच में लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने या कानून का उल्लंघन करने की जिम्मेदारी प्रमाणित होती है, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी भी होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि चुनाव निष्पक्ष हों और प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिले। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को प्रभावित करती है।
1 नवंबर की महारैली में गूंजेगा मताधिकार की रक्षा का मुद्दा
संजय दत्त एवं राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित करें। प्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह महारैली केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और चुनावी व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मताधिकार की रक्षा तथा चुनावी प्रक्रिया में आवश्यक सुधारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया है।
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त
ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
उन्होंने बताया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया गया। कांग्रेस नेतृत्व लगातार इस विषय पर विपक्षी दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिक समाज के बीच समन्वय स्थापित कर रहा है।
26 नवंबर तक AICC पर्यवेक्षक करेंगे अभियान की निगरानी
अभियान को संगठनात्मक स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा संगठनात्मक जिलों में 26 नवंबर, 2026 तक AICC पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। ये पर्यवेक्षक संबंधित जिलों में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और संगठनात्मक समन्वय की निगरानी करेंगे।
प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यवेक्षकों को AICC महासचिवों एवं प्रभारियों, AICC सचिवों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला कांग्रेस कमेटियों, सांसदों, विधायकों और अग्रणी संगठनों के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा।
प्रत्येक पर्यवेक्षक अपने संबंधित जिले में अभियान के प्रत्येक चरण के दौरान कम से कम एक बार दौरा करेगा। कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की कमी, संगठनात्मक निष्क्रियता अथवा स्थानीय स्तर पर मतभेद सामने आने पर उनका समय रहते समाधान किया जाएगा। गंभीर मामलों को तत्काल प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के संज्ञान में लाने के निर्देश दिए गए हैं।
1 नवंबर की इंडिया गठबंधन महारैली और ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए हरियाणा प्रदेश के विभिन्न जिलों में वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों को जिम्मेवारियां सौंपा गई है।
‘हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता’
संजय दत्त एवं राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का मूल उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कायम रखना है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करें, मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का दस्तावेजी रिकॉर्ड तैयार करें और अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
दोनों नेताओं ने कहा कि 1 नवंबर की दिल्ली महारैली इस अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव होगी। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग के साथ लोकतंत्र तथा मताधिकार की रक्षा का संदेश पूरे देश में पहुंचाया जाएगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।