सुची शुक्ला
मुंबई, 15 अक्टूबर। अभिनेत्री यामी गौतम जल्द ही मराठी शो ‘कोण होणार करोडपती’ में अपनी फिल्म ‘नयी नवेली’ के प्रमोशन के लिए अभिनेता आदिनाथ कोठारे के साथ नजर आएंगी। शो में होस्ट माधुरी दीक्षित के साथ बातचीत के दौरान यामी अपने पति और फिल्मकार आदित्य धर के बारे में दिलचस्प खुलासा करेंगी। उन्होंने बताया कि पर्दे पर ड्रामे से भरपूर कहानियां बनाने वाले आदित्य असल जिंदगी में बेहद शांत और बिल्कुल नॉन-ड्रामैटिक हैं। यामी ने यह भी कहा कि माधुरी की फिल्मों ने उनके मन में प्रेम कहानियों को लेकर खूबसूरत सपने जगाए थे।
यामी ने बताया कि उनकी और आदित्य की पहली मुलाकात फिल्म ‘उरी’ के सेट पर हुई थी। उस समय आदित्य फिल्म का निर्देशन कर रहे थे और यामी अभिनय कर रही थीं। हालांकि, शूटिंग के दौरान दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई, लेकिन फिल्म के प्रचार के दौरान साथ इंटरव्यू देते हुए उन्हें एक-दूसरे को समझने का मौका मिला। यामी को महसूस हुआ कि जिंदगी, परिवार और संस्कारों को लेकर दोनों की सोच काफी मिलती-जुलती है।
यामी के मुताबिक, आदित्य का शांत स्वभाव, दूसरों के प्रति सम्मान और काम के प्रति जुनून उन्हें बेहद पसंद आया। उन्होंने कहा कि सेट पर आदित्य को देखकर ही उन्हें उनके व्यक्तित्व का अंदाजा हो गया था। ऐसे लोग बहुत कम मिलते हैं, जो बिना किसी पर गुस्सा किए सभी के साथ सम्मान से पेश आते हैं। माधुरी दीक्षित ने यामी की बात पर सहमति जताते हुए कहा कि आदित्य की तरह यामी भी ऐसी ही हैं। इस पर यामी ने कहा कि अपनी सोच से मेल खाने वाला जीवनसाथी मिलना बड़ी बात है और वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
