मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके ने कहा कि अलग-अलग आंदोलनों पर अलग कार्रवाई कर संदेह पैदा किया जा रहा है।
राहुल गुप्ता
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विपक्षी दलों और कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इंडिया गठबंधन और सीजेपी को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रही है। दीपके ने दोनों पक्षों से एकजुट रहने और आपसी अविश्वास से बचने की अपील की है।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया था। वहीं, सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई पर दीपके ने सवाल उठाए हैं।
‘अलग-अलग आंदोलनों पर अलग कार्रवाई से पैदा हो रहा संदेह’
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जब कॉक्रोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति मिली, तो कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि भाजपा ने ही पार्टी को वहां भेजा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन ने 12 अक्टूबर को बड़ा प्रदर्शन किया, लेकिन सीजेपी के खिलाफ 10 अक्टूबर को जिस तरह की सख्त कार्रवाई हुई थी, वैसी कार्रवाई इंडिया गठबंधन के साथ नहीं हुई।
दीपके के मुताबिक, अलग-अलग आंदोलनों के साथ अलग-अलग तरीके से पेश आकर उन लोगों के बीच संदेह और अविश्वास पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जो एक ही उद्देश्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी कथित रणनीतियों को पहचानने की अपील की।
‘आपस में मत लड़िए, एकजुट होकर सवाल उठाइए’
सीजेपी प्रमुख ने कहा कि सरकार आज एक आंदोलन को अनुमति दे सकती है और दूसरे को दबा सकती है, जबकि भविष्य में इन भूमिकाओं को बदला भी जा सकता है। उनके अनुसार, इसका उद्देश्य सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछने के बजाय प्रदर्शनकारियों को आपस में उलझाए रखना है।
दीपके ने इंडिया गठबंधन से अपील की कि वह साजिश और आरोप-प्रत्यारोप की चर्चाओं के कारण आपसी एकता को कमजोर न होने दे। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष का मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उन्हें संरक्षण देने वाले लोग हैं, इसलिए सभी को इसी मुद्दे पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए।
सीजेपी के तीन सदस्य फिर पुलिस हिरासत में
इस बीच, कॉक्रोच जनता पार्टी के तीन सदस्यों आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली पुलिस ने फिर हिरासत में लिया। दीपके के अनुसार, तीनों जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।
इससे पहले 10 अक्टूबर को अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने विमान में ही हिरासत में लिया था। दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ताजा कार्रवाई की जानकारी साझा की।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
