Follow

CM नायब सैनी ने परिवार संग माता मनसा देवी मंदिर में की पूजा-आराधना

मुख्यमंत्री ने धर्मपत्नी सुमन सैनी, बेटे अनिकेत और बेटी अंशिका संग प्रथम नवरात्र पर माता मनसा देवी के समक्ष सिर नवाया 

प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की करी कामना  

हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का किया उद्घाटन, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा

मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह, कहा—रक्तदान महादान

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

पंचकूला, 11 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी और बेटे – बेटी के साथ अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन माता मनसा देवी मंदिर में सिर नवाते हुए विधिवत पूजा- आराधना की और महामाई का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुतियां डालीं।

इस अवसर पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अश्विन नवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रथम नवरात्र के पावन अवसर पर उन्हें महामायी के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

उन्होंने मां मनसा देवी के चरणों में प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने कामना की कि हरियाणा प्रदेश निरंतर तरक्की और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।

मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह  

मुख्यमंत्री ने नवरात्र के शुभ अवसर पर श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, पंचकूला तथा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से बातचीत की और इस पुनीत कार्य के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

Special Offer
ADVERTISEMENT

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति द्वारा दान की गई रक्त की एक बूंद भी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल और पंचकूला के पुलिस आयुक्त पंकज नैन भी उपस्थित रहे।

इस टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर 20 प्रशिक्षित जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। इन जवानों को सामान्य पुलिस वर्दी से अलग विशिष्ट टूरिस्ट पुलिस वर्दी प्रदान की गई है, ताकि श्रद्धालु उन्हें आसानी से पहचान सकें। ये जवान चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।

मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यहां लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी अब इसी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से की जाएगी। इसके लिए पोस्ट में ही नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की भाषा और व्यवहार को समझते हुए उनकी बेहतर सहायता सुनिश्चित करने के लिए जवानों को विशेष व्यवहार-कौशल एवं संवाद प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे श्रद्धालुओं की समस्याओं का विनम्रता और सहयोगपूर्ण तरीके से समाधान कर सकें।

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू होने से माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और सुखद बनेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्या, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मीडिया संपर्क प्रमुख प्रवीण अत्रेय सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh