Follow

दिवाली पर बिहार जाना इतना महंगा, फ्लाइट का किराया देख कहेंगे- थाईलैंड ही चलें!

दिवाली और छठ से पहले पुणे से पटना का हवाई किराया हजारों रुपये बढ़ा, कुछ टिकटों की कीमत थाईलैंड जाने से भी ज्यादा दिख रही है।

 

राहुल गुप्ता

पटना, 8 अक्टूबर। दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे बिहार के लोगों के लिए इस बार हवाई सफर जेब पर भारी पड़ सकता है। देश के अलग-अलग शहरों से बिहार जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में तेजी देखी जा रही है। इसका सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र, कर्नाटक और दूसरे राज्यों में नौकरी या कारोबार करने वाले उन लोगों पर पड़ रहा है, जो त्योहार के दौरान अपने घर लौटना चाहते हैं।

पुणे से पटना के बीच 5 से 7 नवंबर 2026 की यात्रा के लिए उपलब्ध फ्लाइट सर्च में किराया सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक दिखाई दे रहा है। फ्लाइट सर्च वेबसाइट के अनुसार, पुणे के लोहेगांव एयरपोर्ट से पटना एयरपोर्ट तक इस अवधि में अधिकतम किराया करीब 55,000 रुपये तक पहुंच रहा है। वहीं, न्यूनतम किराया भी करीब 25,000 रुपये के आसपास दिख रहा है।

Advertisement

पटना के किराये में थाईलैंड का सफर भी शामिल

हवाई किराए में उछाल की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुणे से थाईलैंड के फुकेत जाने का किराया भी कुछ विकल्पों में पटना से ज्यादा महंगा नहीं है। 5 से 7 नवंबर के बीच पुणे से फुकेत के लिए अधिकतम किराया करीब 49,000 रुपये और न्यूनतम किराया करीब 35,000 रुपये दिख रहा है।

यानी कुछ यात्रियों के लिए त्योहार पर पुणे से पटना पहुंचने का हवाई टिकट विदेश यात्रा के खर्च के करीब पहुंच गया है।

छठ के चलते बढ़ी मांग

दिवाली के बाद बिहार में छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी अपने घर लौटते हैं। इस दौरान ट्रेनों और फ्लाइट्स में यात्रियों की मांग हर साल बढ़ जाती है। इसी वजह से त्योहार के आसपास हवाई किराए में तेज बढ़ोतरी देखने को मिलती है।

जिन यात्रियों के लिए पटना की फ्लाइट का किराया बजट से बाहर है, वे यात्रा की तारीख में बदलाव करके सस्ता विकल्प तलाश सकते हैं। दिवाली से एक-दो दिन पहले या बाद की फ्लाइट के किराए की तुलना करना भी फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा पटना के बजाय गया या बिहार के किसी नजदीकी एयरपोर्ट तक पहुंचकर वहां से ट्रेन या बस से आगे की यात्रा करने का विकल्प भी देखा जा सकता है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh