Follow

भोपाल में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, एक लीटर पेट्रोल 120 रुपये के करीब; कच्चा तेल महंगा होने का असर

राहुल गुप्ता

भोपाल, 4 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच नायरा एनर्जी ने भोपाल में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें शनिवार सुबह से लागू हो गईं। इसके बाद भोपाल में पेट्रोल 119.54 रुपये और डीजल 103.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। जियो ने भी अपनी कीमतें स्थिर रखी हैं। निजी कंपनियों के मुकाबले सरकारी तेल कंपनियों की कीमतें स्थिर रहने से उनके मार्जिन पर दबाव बढ़ रहा है।

इस साल 26 मार्च को भी ईरान संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बीच नायरा ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया था। बाद में पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद 1 जुलाई को कंपनी ने दोनों ईंधनों के दाम क्रमशः 5 रुपये और 3 रुपये प्रति लीटर घटा दिए थे।

सरकारी कंपनियों को पेट्रोल-डीजल पर हो रहा नुकसान

रेटिंग एजेंसी इक्रा के अनुसार, सितंबर में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर रहीं। इससे सरकारी तेल कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इक्रा का अनुमान है कि इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल को पेट्रोल पर करीब 8 रुपये और डीजल पर करीब 9 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है।

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को मिलाकर सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना करीब 530 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

इससे पहले मई में आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल ने महंगे अंतरराष्ट्रीय क्रूड का हवाला देते हुए अलग-अलग चरणों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल 7.50-7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। देश के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा पर इन तीन सरकारी कंपनियों का नियंत्रण है।

नायरा और रिलायंस ने भी सीमित की ईंधन बिक्री

महंगे कच्चे तेल और स्थिर खुदरा कीमतों के बीच रिलायंस-बीपी और नायरा एनर्जी जैसी निजी कंपनियों ने भी पेट्रोल-डीजल की बिक्री सीमित कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, नायरा के कुछ आउटलेट पर एक वाहन में अधिकतम 200 लीटर डीजल और 30 लीटर पेट्रोल भरने की सीमा तय की गई है।

रिलायंस की ओर से बिक्री पर कितनी सीमा लगाई गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और घरेलू खुदरा कीमतों में अंतर बना रहने से आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh