न्यूज़म ब्यूरो
वाराणसी। यूपी ATS ने रविवार तड़के वाराणसी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया। बृजेश झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर था और पिछले आठ वर्षों से NIA को उसकी तलाश थी। उस पर टेरर फंडिंग समेत कई गंभीर मामलों में कार्रवाई चल रही थी।
मुठभेड़ रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब चार बजे हुई। ATS के DSP विपिन राय के मुताबिक, सूचना मिली थी कि बृजेश अपने एक साथी के साथ बाइक से रामनगर होते हुए मुगलसराय की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर ATS कमांडो ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
बताया गया कि बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया तो बृजेश ने पकड़े जाने के डर से दोनों हाथों में पिस्टल लेकर फायरिंग शुरू कर दी। उसकी गोली DSP विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद ATS टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बृजेश को गोली लगी और वह सड़क पर गिर गया। उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घायल बृजेश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बृजेश (46) झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र का रहने वाला था। आरोप है कि वह ट्रांसपोर्टरों, कोयला खनन कंपनियों और ठेकेदारों से वसूली करता था।
बृजेश पर झारखंड सरकार ने 25 लाख और NIA ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। करीब आठ साल पहले टेरर फंडिंग मामले में NIA ने उसे वांटेड घोषित किया था और उसके घर की कुर्की भी की गई थी। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।