रीमा सिंह
मुंबई , 17 सितंबर।
भायखला (पूर्व) स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणिसंग्रहालय में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने गुरुवार को विभिन्न प्रकल्पों और उपक्रमों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उद्यान में आयोजित जास्वंद (गुड़हल) प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में जास्वंद के फूलों की विभिन्न रंगों वाली करीब 50 प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए खुली है। आयुक्त अश्विनी भिडे ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रदर्शनी में अवश्य आएं और जास्वंद के विभिन्न रंगों एवं प्रजातियों का अवलोकन करें।
इस अवसर पर केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उद्यान परिसर में ‘सेंच्युरी पाम’ वृक्ष का पौधारोपण भी किया गया।
आयुक्त भिडे ने उद्यान परिसर में निर्माणाधीन ‘बोगदे के भीतर मत्स्यालय’ (टनेल एक्वेरियम) के काम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना का निर्माण कार्य जनवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) डॉ. अविनाश ढाकणे, उप आयुक्त (उद्यान) अजितकुमार आंबी, निदेशक (प्राणिसंग्रहालय) डॉ. संजय त्रिपाठी, उद्यान अधीक्षक जितेंद्र परदेशी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, जास्वंद प्रदर्शनी में विभिन्न रंगों और प्रजातियों के फूलों को प्रदर्शित किया गया है, जिससे नागरिकों को इस वनस्पति की विविधता को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
