सामाजिक समरसता के संदेश के साथ डॉ. नीरज सिंह के जन्मदिवस पर 24 कुंडीय महायज्ञ
न्यूज़म ब्यूरो
लखनऊ, 27 अगस्त। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह के जन्मदिवस पर गुरुवार को वेद माता गायत्री ट्रस्ट, आरोग्यधाम केंद्र (आईआईएम रोड) में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में 24 कुंडीय सामाजिक समरसता महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी अपने परिवार के साथ सह-यजमान के रूप में शामिल हुए, जबकि डॉ. नीरज सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति देकर राष्ट्र कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण का संकल्प लिया।
महायज्ञ का मुख्य विषय सामाजिक समरसता रहा। यज्ञशाला के सभी 24 कुंडों का नामकरण महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, महर्षि वशिष्ठ, भारद्वाज, विश्वामित्र सहित विदुषी ऋषिकाओं गार्गी, मैत्रेयी, लोपामुद्रा, अपाला और घोषा के नाम पर किया गया। आयोजकों ने इसे सनातन संस्कृति में समानता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम के दौरान गौ-पूजन, भगवान शिव का रुद्राभिषेक, तुलसी रोपण तथा संतों एवं विप्रजनों का सम्मान कर उन्हें भोजन कराया गया। समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने समरसता प्रसादी (भंडारा) में एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह पटेल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महायज्ञ के आयोजन में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक खरे तथा महानगर महामंत्री सत्येंद्र सिंह की प्रमुख भूमिका रही। वहीं गायत्री परिवार के जोन समन्वयक देशबंधु तिवारी, एम.पी. त्रिपाठी, डॉ. अरविंद निगम, ओ.पी. सिंह, एडवोकेट सुधांशु सिंह एवं संजय त्रिवेदी ने वैदिक कर्मकांड संपन्न कराया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।