Follow

CM सैनी ने सकेतड़ी महादेव मंदिर में लगाए ”हर हर महादेव” के जयघोष

श्रावण के पहले सोमवार पर भगवान शिव से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

श्रावण के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों व  संस्कार अपनाने व नशामुक्त रहने का किया आह्वान  

मुख्यमंत्री सैनी बोले,  भगवान शिव का त्याग और समर्पण देता है नई ऊर्जा और प्रेरणा

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 3 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज श्रावण के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर सकेतड़ी स्थित महादेव मंदिर में विधिवत मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Advertisement

भगवान शिव के दर्शन के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेशवासियों को श्रावण के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देवों के देव महादेव स्वयं विषपान कर समस्त सृष्टि की रक्षा करते हैं। भगवान शिव का त्याग और समर्पण हम सभी को नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की है कि हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का जीवन सुखमय, आनंदमय और खुशियों से परिपूर्ण हो।

मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर युवाओं से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों और  संस्कारों  को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे नशे से दूर रहेंगे, शिक्षा को सर्वोपरि रखेंगे तथा अपने जीवन को सफल और सार्थक बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सनातन संस्कृति के प्रतीक बाबा केदारनाथ धाम, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, बाबा महाकालेश्वर मंदिर (उज्जैन) तथा सोमनाथ मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भव्य पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति के प्रति करोड़ों लोगों की अटूट आस्था है और प्रधानमंत्री के प्रयासों से यह आस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की है कि हरियाणा के खिलाड़ी इसी प्रकार देश और प्रदेश का नाम विश्वभर में रोशन करते रहें। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का गौरव वैश्विक स्तर पर बढ़ाया है।

कांवड़ यात्रा के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों के श्रद्धालु भी कांवड़ लेकर हरियाणा से होकर गुजरते हैं। उनकी सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त कठिन तपस्या और लंबी यात्रा के बाद अपने आराध्य भगवान शिव को मां गंगा का पवित्र जल अर्पित करते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी शिवभक्तों से शालीनता, अनुशासन एवं धार्मिक मर्यादा के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे यात्रा के दौरान सहयोग एवं सतर्कता बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

इस अवसर पर मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया,CM के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरविंद्र, जिला सचिव अमरेंद्र सिंह, शिव मंदिर सकेतड़ी के प्रधान के.डी. शर्मा सहित श्रद्धालु व अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh