न्यूज़म ब्यूरो
गोरखपुर। मानक के अनुरूप वेतन न मिलने समेत अन्य मांगों को लेकर सोमवार सुबह से गोरखपुर सिटी बस सेवा ठप हो गई। सिटी बस के कंडक्टरों ने महेसरा स्थित चार्जिंग प्वाइंट स्टेशन पर बसें खड़ी कर हड़ताल शुरू कर दी और धरने पर बैठ गए। इससे शहर में रोजाना बसों से सफर करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोज की तरह सुबह पांच बजे से बसों का संचालन शुरू होना था, लेकिन हड़ताल के कारण एक भी बस सड़क पर नहीं उतरी। इसका सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य दैनिक यात्रियों पर पड़ा। कई लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
धरने पर बैठे कंडक्टरों का आरोप है कि पिछली कंपनी का टेंडर समाप्त होने के बाद नई कंपनी को वेतन भुगतान की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन कंपनी तय मानकों से कम वेतन दे रही है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। नाराज कंडक्टरों ने महेसरा डिपो में बसों का संचालन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कंडक्टरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच कम वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक तय मानक के अनुसार वेतन भुगतान और भविष्य में समय पर वेतन देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।