न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने वर्ष 1996 बैच के IFS के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. टी. पी. सिंह को प्रधान मुख्य वन संरक्षक पद पर पदोन्नत किया है। लगभग तीन दशक से अधिक के अपने सेवाकाल के दौरान डॉ. टी. पी. सिंह ने पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग में अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक, हरियाणा सरकार में सचिव, मुख्य वन संरक्षक तथा उप वन संरक्षक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
डॉ. सिंह इंडियन काउंसिल ऑफ फॉरेस्ट्री रिसर्च एंड एजुकेशन में हेड ऑफ क्लाइमेट चेंज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इस दौरान वे यूएनएफसीसीसी (संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा अभिसमय) तथा यूएनसीसीडी (संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण रोकथाम अभिसमय) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सक्रिय सदस्य रहे और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व किया।
डॉ. टी. पी. सिंह ने कनाडा स्थित टोरंटो विश्वविद्यालय से क्लाइमेट चेंज एंड कार्बन मार्केट्स विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, वे प्रतिष्ठित ब्रिटिश चेवनिंग स्कॉलर भी रह चुके हैं।
वर्तमान में डॉ. टी. पी. सिंह हरियाणा में वन (संरक्षण) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों का दायित्व संभाल रहे हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।