Follow

हरियाणा के धाकड़ खिलाडियों ने आज देश की झोली में डाले 6 गोल्ड मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 : हरियाणा की बेटियों ने 4 और बेटों ने दिलाए 2 गोल्ड मैडल

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाडियों को दी हार्दिक बधाई

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 1 अगस्त। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में हरियाणा के धाकड़ खिलाडियों ने देश का सिर ऊंचा करते हुए आज 6 मर्तबा राष्ट्र गान बजवाया। पोडियम पर सबसे ऊंचे खड़े होते हुए 6 गोल्ड मैडल अपने नाम किए। इनमे हरियाणा की छोरियों ने 4 और छोरों ने 2 गोल्ड मैडल जीतकर देशवासियों को झूमने का मौक़ा बख्श डाला है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी खिलाडियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

शनिवार सुबह हरियाणा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारत का गौरव बढ़ाया है। भिवानी की मुक्केबाज प्रीति पंवार ने महिला 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि भिवानी की ही जैस्मिन लांबोरिया ने महिला 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश को दूसरी स्वर्णिम सफलता दिलाई। दोनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भिवानी की इन बेटियों ने अपने अदम्य साहस, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर लहरा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रीति पंवार द्वारा 54 किलोग्राम भार वर्ग और जैस्मिन लांबोरिया द्वारा 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतना हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से प्रदेश के लाखों युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।

सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, आधुनिक खेल अवसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण तथा पारदर्शी खेल नीति उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने दोनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके परिवारजनों, प्रशिक्षकों और भारतीय मुक्केबाजी दल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा के खिलाड़ी आने वाले समय में भी इसी तरह देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।

इसी कड़ी में बॉक्सिंग में हरियाणा की बेटियों ने देश को दिलाया आज का तीसरा गोल्ड दिलाया और भिवानी की बेटियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड की हैट्रिक लगाई। 51 किलोग्राम भार वर्ग की बॉक्सिंग में भिवानी की साक्षी चौधरी ने देश को गोल्ड मेडल दिलाया। बता दें कि आज ही भिवानी की ही प्रीति पंवार और जैस्मिन लंबोरिया ने दिलाया था बॉक्सिंग में गोल्ड। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साक्षी को स्वर्णिम सफलता पर शुभकामनाएँ दीं।

इसके बाद हरियाणा की एक और बेटी ने अपना दम ख़म दिखाते हुए 60 किलोग्राम भार वर्ग की बॉक्सिंग में भिवानी की प्रिया ने देश को आज का चौथा गोल्ड मेडल दिलाया। आज ही भिवानी की ही प्रीति पंवार, जैस्मिन लंबोरिया और साक्षी ने भी दिलाया था बॉक्सिंग में गोल्ड। इस खबर को सुन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ख़ुशी से झूम उठे और बोले कि हमारे प्रदेश की बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है। देश की पदक तालिका में हरियाणा के खिलाड़ियों का अपना अलग ही स्थान है।

अभी प्रदेशवासी बेटियों कि जीत कि खुशियां आपस में बाँट ही रहा था कि बॉक्सिंग में हरियाणा की बेटियों के बाद बेटों ने दम दिखला दिया। 60 किलोग्राम भार वर्ग की बॉक्सिंग में भिवानी के सचिन सिवाच ने देश को दिलाया बॉक्सिंग का 5वां गोल्ड मेडल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सचिन को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। इसके कुछ ही देर बाद बॉक्सिंग में हरियाणा के अंकुश ने दिलाया देश को आज का छठा गोल्ड मैडल। 80 किलोग्राम भार वर्ग की बॉक्सिंग में हिसार के अंकुश ने देश को गोल्ड मेडल दिलाया है। कॉमनवेल्थ खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh