Follow

गवर्नर पंजाब व UT प्रशासक कटारिया ने किया PEC में नए बॉयज़ हॉस्टल का शिलान्यास

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 30 जुलाई। पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी), चंडीगढ़ में नए बॉयज़ हॉस्टल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी, तकनीकी शिक्षा निदेशक पालिका अरोड़ा, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया, यू.टी. चंडीगढ़ के मुख्य अभियंता सीबी ओझा तथा चंडीगढ़ प्रशासन के डीपीआर राजीव तिवारी सहित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों के लिए आवास की बढ़ती आवश्यकता तथा संस्थान के आवासीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ प्रशासन ने पीईसी परिसर में नए बॉयज़ हॉस्टल के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली यह परियोजना विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

Advertisement

प्रस्तावित हॉस्टल भवन ग्राउंड फ्लोर सहित छह मंजिलों (जी+6) का होगा तथा इसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 78,400 वर्ग फुट होगा। इसमें 103 ट्रिपल-शेयरिंग कमरे होंगे, जिनमें 309 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त हॉस्टल में दो अतिथि कक्ष तथा एक वार्डन कक्ष भी बनाया जाएगा, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और आगंतुकों के ठहरने की सुविधा सुनिश्चित हो सके।

पीईसी में निर्माणाधीन दोनों नए हॉस्टल परियोजनाओं के पूर्ण होने पर संस्थान की कुल छात्रावास क्षमता 2,178 से बढ़कर 2,906 विद्यार्थियों की हो जाएगी, अर्थात 728 अतिरिक्त विद्यार्थियों को आवास उपलब्ध हो सकेगा। नव घोषित बॉयज़ हॉस्टल परियोजना को 18 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह नया हॉस्टल पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के आवासीय बुनियादी ढांचे को और सुदृढ़ करेगा तथा विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अधिक अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा। यह परियोजना चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh