Follow

गुरुग्राम में मंत्री- नेता पवित्र कलश को सिर पर रखकर चले यात्रा में पैदल

वाराणसी से प्रारंभ हुई संत शिरोमणि गुरु रविदास की पवित्र कलश यात्रा का गुरुग्राम में भव्य स्वागत

कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, कृष्ण कुमार बेदी, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, विधायक तेजपाल तंवर, विधायक मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ बनवारी लाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पवित्र कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत

यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक हुए सहभागी, संत शिरोमणि गुरु रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

न्यूज़म ब्यूरो

गुरुग्राम, 30 जुलाई। गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को जन-जन का उत्सव बनाने के उद्देश्य से निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा के गुरुग्राम आगमन पर यात्रा का श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया गया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में सर्वसमाज का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से पवित्र कलश एवं गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी लेकर गुरुग्राम पहुंचा।

Advertisement

मौके पर हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ बनवारी लाल, भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, पूर्व मेयर मधु आजाद, भाजपा जिला प्रभारी संदीप जोशी, जिला मीडिया प्रभारी हितेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा श्रद्धालुओं ने यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।


इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनकी 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही यह यात्रा समाज को उनके विचारों से जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

यात्रा मार्ग पर जगह-जगह हुआ पवित्र कलश यात्रा का भव्य स्वागत 
गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। एंबिएंस मॉल से प्रारंभ होकर यात्रा शंकर चौक, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, सोहना चौक, प्रेम मंदिर, न्यू कॉलोनी मोड़, सेक्टर-4-7 होते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन किया तथा गुरु रविदास जी के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


गुरुग्राम से पूरे हरियाणा में पहुंचेगी गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी 
वाराणसी से लाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी एवं कलश का गुरुग्राम पहुंचने के बाद पवित्र कलश को माता शीतला देवी मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया। इसके उपरांत 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के करकमलों से यह पवित्र मिट्टी प्रदेश के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी।

इसके बाद सभी जिलों में गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में इस पवित्र मिट्टी का उपयोग किया जाएगा, ताकि संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

एससी  मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में 14 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल गया था वाराणसी 
एससी मोर्चा सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में वाराणसी से पवित्र मिट्टी के कलश लेकर आए विधायक कपूर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, चेयरमैन कप्तान योगेश बैरागी, पूर्व विधायक सरिता नारायणा, पार्षद अशोक कटारिया, चेयरमैन रेखा, सुंदरलाल यादव (प्रदेश सह संयोजक, पंचायती राज प्रकोष्ठ), चेयरमैन धुमन सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक सुरेश कौशिक तथा प्रवीन जैन संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी लेने वाराणसी गया था।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh