देश के विभिन्न राज्यों से आएंगे 90 युवा प्रतिभागी, ‘विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत महिला भागीदारी व भूमिका पर होगा मंथन
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 30 जुलाई। हरियाणा विधान सभा में शुक्रवार को महिला सशक्तीकरण विषय पर केंद्रित युवा संवाद का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण होंगे। शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन स्वयंसेवी संस्था ‘राजधानी युवा संसद’ दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है।
इस युवा संवाद में हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र तथा जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 90 युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें अधिकांश प्रतिभागी युवतियां होंगी।
प्रतिभागियों का चयन तीन चरणों वाली कठोर चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। चयनित युवा दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़, मोहाली, भिवानी,
जींद, अंबाला, पानीपत, सोलन, सहारनपुर, संगमनेर, मुर्शिदाबाद, दीनानगर, फतेहाबाद, जयपुर, हिसार, लुधियाना, हमीरपुर, संगरूर, शिमला, सोनीपत, यमुनानगर, गन्नौर, झांसी, रोहतक, देहरादून, अयोध्या, झांसी और शाहजहांपुर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आ रहे हैं। ये सभी विविध शैक्षणिक, व्यावसायिक और सामाजिक पृष्ठभूमि का प्रतिनिधित्व करते हैं।
संवाद का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047 के निर्माण में महिला नेतृत्व की भूमिका’ रहेगा। युवा प्रतिनिधि महिला नेतृत्व, जमीनी स्तर पर महिला सशक्तीकरण, समान अवसर, नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी तथा समावेशी विकास जैसे समकालीन विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। चर्चा के दौरान हरियाणा की परिस्थितियों, उपलब्धियों और संभावनाओं पर भी विशेष रूप से विचार किया जाएगा, ताकि प्रस्तुत सुझाव व्यवहारिक, प्रभावी और नीति निर्माण की दृष्टि से उपयोगी बन सकें। इसकी कार्यवाही विधान सभा की तरह ही चलेगी। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इन प्रतिभागियों का चयन चार सदस्यीय पैनल द्वारा किया जाएगा। इनमें पंजाब विधान सभा के पूर्व सचिव सुरेंद्र पाल भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में राजधानी युवा संसद की सह-संस्थापक अधिवक्ता ईशा कपूर तथा सह-संस्थापक अधिवक्ता जय सैनी भी उपस्थित रहेंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।