गुरू रविदास की 650वीं जयंती को जन-जन का उत्सव बनाने में जुटी भाजपा
30 जुलाई की शाम को सिरहौल बॉर्डर पर भाजपा नेता करेंगे कलश के साथ पहुंचे प्रतिनिधि मंडल का स्वागत एवं अभिनंदन
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 28 जुलाई। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वी जयंती को ऐतिहासिक, भव्य और जनभागीदारी का महापर्व बनाने के उद्देश्य से भाजपा ने हरियाणा में समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार मंगलवार को एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता के नेतृत्व में सामाजिक समरसता प्रतिनिधिमंडल संत गुरु रविदास की पावन जन्मस्थली वाराणसी पहुंच गया है। यह प्रतिनिधिमंडल 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी मे आयोजित विशेष धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पूजन-अर्चन कार्यक्रमों में सहभागिता करेगा तथा वहां की पावन मिट्टी कलशों में लेकर 30 जुलाई को हरियाणा पहुंचेगा।
एसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता के नेतृत्व में विधायक कपूर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री अनूप धानक, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, चेयरमैन कप्तान योगेश बैरागी, पूर्व विधायक सरिता नारायणा, पार्षद अशोक कटारिया, चेयरमैन रेखा, सुंदरलाल यादव (प्रदेश संयोजक, पंचायती राज प्रकोष्ठ), चेयरमैन धुमन सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक सुरेश कौशिक तथा प्रवीन जैन सहित अनेक वरिष्ठ नेता वाराणसी पहुंचे। यह प्रतिनिधि मंडल 29 जुलाई गुरू पूर्णिमा के पावन पर वाराणसी में आयोजित विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों, पूजन-अर्चना और संत गुरु रविदास जी की जयंती से जुड़े आयोजनों में भाग लेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। उनके सान्निध्य में गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा भाजपा के प्रतिनिधिमंडल को विधिवत सौंपा जाएगा।
इसके बाद यह प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की सायं पावन कलश लेकर गुरुग्राम के सिरहौल बॉर्डर पहुंचेगा। यहां पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक मुकेश पहलवान, विधायक बिमला चौधरी, विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा गुरुग्राम के अध्यक्ष धर्मबीर, दिलीप साहनी, पूर्व मेयर मधु आजाद सहित भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा समाज के गणमान्य नागरिक पवित्र मिट्टी का स्वागत करेंगे।
स्वागत के बाद पावन कलश को गुरुग्राम स्थित माता शीतला देवी मंदिर में विधिवत स्थापित किया जाएगा। इसके पश्चात 4 अगस्त को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के करकमलों से यह पावन मिट्टी सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को विधिवत प्रदान की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि भाजपा का उद्देश्य इस पावन मिट्टी को प्रदेश के प्रत्येक जिले, कस्बे और गांव तक पहुंचाकर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय, मानव सेवा और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। इसी भावना के साथ समरसता संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जा रहा है, ताकि संत रविदास जी के आदर्श हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचें तथा सामाजिक समरसता की भावना और अधिक सशक्त हो सके।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस अवसर पर कार्यकर्ता संत-महात्माओं एवं अपने गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, उनसे संवाद करेंगे तथा गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, उनके विचारों और आगामी प्रकाश पर्व से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी समाज के बीच साझा करेंगे।
डा. अर्चना गुप्ता ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के मौके पर गुरु रविदास मंदिरों सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस अभियान को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, समता और मानवता के महान प्रेरणास्रोत हैं। उनकी जन्मस्थली की पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के लिए श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगी। यह अभियान प्रदेश में सामाजिक एकता को और मजबूत करेगा तथा गुरु रविदास जी के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
यह रहेगी पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा
29 जुलाई को गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से अभियान का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में कलश पूजन, समरसता संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
देशभर में गुरु रविदास महाराज समरसता दीप अभियान के तहत गुरु रविदास के मंदिरों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प तथा स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
29 जुलाई से 6 अगस्त प्रदेश स्तरीय कलश वितरण कार्यक्रम प्रदेश की राजधानियों अथवा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर संत सम्मेलन, समरसता संगोष्ठी, कलश पूजन एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे। 4 अगस्त को जिला टीमों को कलश वितरित किए जाएंगे।
29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संतों, महंतों, गुरुओं और डेरा प्रमुखों से व्यक्तिगत भेंट कर उन्हें अभियान की जानकारी दी जाएगी। 7 अगस्त से 14 अगस्त तक जिला स्तर पर कलश वंदन अभियान आयोजित होगा। प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर कलश वंदन, संत सम्मेलन, समाज संपर्क और समरसता कार्यक्रम होंगे।
17 अगस्त से 10 सितंबर तक स्थानीय मंदिरों में कलश पूजन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन, संत सम्मान, प्रसाद वितरण और भंडारे आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को स्थानीय मंदिरों की मिट्टी में विधिवत मिलाया जाएगा।
5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्राएं निकाली जाएगी। प्रस्तावित यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए वाराणसी पहुंचेगी।
26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें गुरु रविदास महाराज के चित्र एवं प्रेरक संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके जीवन, विचार और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराया जाएगा। प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श सत्र आयोजित होंगे, विद्यार्थियों के सुझाव लिए जाएंगे और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक संवाद किया जाएगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।



