भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने करनाल में ‘‘स्वच्छता ही स्वागत’’ अभियान के तहत झाड़ू निकालकर स्वच्छता अभियान की शुरूआत की
हरियाणा में 17 जुलाई से 19 जुलाई तक चलेगा स्वच्छता अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सफाई मित्रों को सम्मानित किया और चुनरी ओढ़ाकर उनका अभिनंदन और उत्साहवर्धन किया
17 जुलाई को पीएम मोदी जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर परिवारवाद और वंशवाद को लेकर साधा निशाना
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 13 जुलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को करनाल के सेक्टर-12 में ‘‘स्वच्छता ही स्वागत’’ अभियान के तहत स्वयं झाड़ू लगाकर और कूड़ा डस्टबिन में डालकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों और स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 13 जुलाई से 19 जुलाई तक पूरे हरियाणा में बूथ स्तर तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत स्वच्छता के संकल्प के साथ किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद पहुंचकर देश की ऐतिहासिक हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से सोनीपत के लिए हरी झंडी दिखाएंगे। यह हरियाणा और देश के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया है, इसलिए उनके स्वागत में प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के प्रत्येक वर्ग से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता का संकल्प लें तो यह अभियान एक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेगा।
डा. अर्चना गुप्ता ने सफाई मित्रों और स्वच्छता प्रहरियों को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में सफाई कर्मियों का योगदान अतुलनीय है। उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से इस अभियान की शुरुआत की है, जबकि उन्होंने स्वयं करनाल से इसकी शुरुआत की। यह स्वच्छता अभियान 13 जुलाई से 19 जुलाई तक प्रदेश के प्रत्येक मंडल स्तर पर चलाया जाएगा। अभियान के शुभारंभ से पहले उन्होंने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
पत्रकारों से बातचीत में डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार वैश्विक मंचों पर ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। देश में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। इसी सोच के अनुरूप जींद की रैली को भी पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया जा रहा है।
एक सवाल पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली में जींद और आसपास के क्षेत्रों से लोग इलेक्ट्रिक बसों, सीएनजी बसों और इलेक्ट्रिक कारों से आएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इलेक्ट्रिक कार से रैली में पहुंचेंगे और वह स्वयं भी इलेक्ट्रिक कार से जींद जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अन्य जिलों में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने हरियाणा दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
एक अन्य सवाल पर डा. अर्चना गुप्ता ने भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता राजनीति में सिर्फ लेने के लिए आते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा सदस्य रहते हुए भी श्री हुड्डा ने अपने बेटे को लोकसभा चुनाव लड़ाया। यह कांग्रेस की परिवारवादी मानसिकता का स्पष्ट उदाहरण है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता यह सोचकर काम करता है कि वह समाज और राष्ट्र को क्या दे सकता है, जबकि कांग्रेस के नेताओं की सोच केवल यह रहती है कि उन्हें क्या मिलेगा। यही भाजपा और कांग्रेस के बीच सबसे बड़ा वैचारिक अंतर है।
डा. अर्चना गुप्ता ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पीएम मोदी की जींद रैली में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा हरियाणा के विकास को नई गति देगा और प्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप, असंध विधायक योगेन्द्र राणा,करनाल विधायक जगमोहन आनंद, नगर निगम मेयर रेणुबाला गुप्ता, चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, उषा प्रियदर्शिनी, मेघा भंडारी,सुभाष चन्द्र वाईस चेयरमैन स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा, यशपाल ठाकुर चौयरमेन केश कला बोर्ड हरियाणा पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, पूर्व सीनियर वाइस चेयरमैन नगर निगम कृष्ण गर्ग, पार्षद संकल्प भंडारी, मोनिक गर्ग, जिला उपाध्यक्ष संजय राणा, जिला महामंत्री सुभाष कश्यप, मानव पुरी, जिला मीडिया प्रभारी डा अशोक कुमार, मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, नवीन बत्रा, मोहित सचदेवा शुभम गुप्ता आदि मौजूद थे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।




