Follow

CM मोहन यादव ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की रखी नींव, उद्योग-रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार

तृप्ति भटनागर

भोपाल | मध्यप्र देश की औद्योगिक प्रगति को नई दिशा देने की दिशा में आज राजधानी भोपाल में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं देश के प्रथम उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सतगढ़ी में प्रस्तावित ‘स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क’ का भूमिपूजन किया। यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार और रोजगार सृजन के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर विकसित होने वाला यह औद्योगिक पार्क केवल एक औद्योगिक परिसर नहीं होगा, बल्कि विकसित मध्यप्रदेश के विजन को साकार करने वाला एक आधुनिक औद्योगिक केंद्र बनेगा।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर बनेगा आधुनिक औद्योगिक हब

Advertisement

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के प्रथम उद्योग मंत्री रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आत्मनिर्भर भारत और औद्योगिक विकास की जिस सोच को आगे बढ़ाया था, उसी प्रेरणा से यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योगों के अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित होगी, जिससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

 

निवेश, रोजगार और किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के विकसित होने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नए उद्योग स्थापित होंगे। इससे हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को भी नई संभावनाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं है, बल्कि ऐसी औद्योगिक व्यवस्था तैयार करना है, जिससे किसानों, लघु उद्यमियों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र को भी समान रूप से लाभ मिले। खेतों से निकलने वाले उत्पादों को बेहतर बाजार और प्रसंस्करण सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

‘खेत से कारखाने और कारखाने से बाजार’ तक विकास की नई श्रृंखला

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश अब कृषि आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ते हुए कृषि और उद्योग के संतुलित विकास का मॉडल तैयार कर रहा है। सरकार की नीति है कि ‘खेत से कारखाने और कारखाने से बाजार’ तक विकास की मजबूत श्रृंखला बनाई जाए, जिससे किसानों की आय बढ़े, उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन मिलें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिले।

उन्होंने कहा कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में लगातार उद्योग-अनुकूल नीतियां लागू की जा रही हैं। नई औद्योगिक परियोजनाएं राज्य को विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेंगी।

विकसित मध्यप्रदेश के विजन को मिलेगी नई ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार उद्योग, अधोसंरचना, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार बड़े फैसले ले रही है, ताकि युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने विश्वास जताया कि सतगढ़ी का स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क आने वाले वर्षों में भोपाल की औद्योगिक पहचान को नई ऊंचाई देगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करेगा।

औद्योगिक विकास के नए युग की शुरुआत

भोपाल में स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन केवल एक परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में उद्योग, निवेश और रोजगार के नए युग का संकेत माना जा रहा है। आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश-अनुकूल वातावरण और सरकार की स्पष्ट औद्योगिक नीति के साथ यह परियोजना विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।

कार्यक्रम में विधायक रमेश्वर शर्मा, मंत्री कृष्णा गौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

CM Mohan Yadav, Mohan Yadav News, Smart Industrial Park Bhopal, Bhopal Industrial Park, Dr Shyama Prasad Mukherjee, Madhya Pradesh Industry, MP Investment News, Jobs in Madhya Pradesh, Industrial Development MP, Bhopal News, Viksit Bharat, Hindi News, NewsSam India

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh