Follow

अमृत सरोवर हैं ग्रामीण विकास व जल संरक्षण की मजबूत आधारशिला : कृष्ण कुमार बेदी

पंचकूला में 1 करोड़ 68 लाख रुपये  की लागत से विकसित  6 अमृत सरोवरों का उद्घाटन

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया जिलास्तरीय समारोह में लोकार्पण

ग्रामीण विकास, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में सरकार निरंतर कर रही है कार्य

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 1 जुलाई। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित अमृत सरोवरों के जिलास्तरीय उद्घाटन समारोह में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत जिला पंचकूला में 1 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से विकसित  6 अमृत सरोवरों का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, उपायुक्त सतपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर शाम लाल बंसल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल तथा हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के अध्यक्ष जसमेर सिंह बंजारा सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।

Advertisement

इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ की अनाज मंडी में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से वर्चुअल माध्यम द्वारा प्रदेशभर में 325 अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इनमें जिला पंचकूला के 6 अमृत सरोवर भी शामिल हैं।

लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अन्य गणमान्य अतिथियों एवं अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नारायणगढ़ से प्रसारित लाइव संबोधन भी सुना।

समारोह को संबोधित करते हुए कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण विकास, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत ग्राम तालाबों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ जल संरक्षण, भू-जल पुनर्भरण तथा सामुदायिक उपयोगिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने प्रदेश में 325 अमृत सरोवरों के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सरोवरों का विकास विभिन्न जिलों में ग्रामीण परिवेश के सुधार, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जनसुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से किया गया है।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि पंचकूला जिले में जिन 6 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया है, उनमें 21.29 लाख रुपये की लागत से ग्राम नवागांव (ब्लॉक बरवाला) स्थित बसंती माला जोहड़ (गोगा माड़ी के निकट), 29.90 लाख रुपये की लागत से ग्राम जोहलूवाल (ब्लॉक पिंजौर) स्थित जोहलूवाल तालाब, 25.64 लाख रुपये की लागत से ग्राम खेड़ांवाली (ब्लॉक पिंजौर) स्थित खेड़ांवाली तालाब, 27.47 लाख रुपये की लागत से ग्राम खेड़ांवाली स्थित खेड़ांवाली लेही तालाब, 24.30 लाख रुपये की लागत से ग्राम ठाने की सेर (ब्लॉक पिंजौर) स्थित जोहड़, तथा 39.92 लाख रुपये की लागत से ग्राम बरोना कलां (ब्लॉक रायपुर रानी) में पब्लिक हेल्थ ट्यूबवेल के निकट स्थित तालाब शामिल हैं। इन सभी अमृत सरोवरों के आसपास बैठने के लिए बैंच और लाईटिंग की भी व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि ये सभी अमृत सरोवर ग्रामीण समुदाय के लिए महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों के रूप में कार्य करेंगे तथा पंचकूला सहित पूरे हरियाणा में सतत ग्रामीण विकास, जल संरक्षण और जल संसाधन प्रबंधन के उद्देश्यों को और अधिक सुदृढ़ करेंगे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को पौधा भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जिला पंचकूला में विकसित 6 अमृत सरोवरों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय टांक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता शिव कुमार भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh