Follow

भाजपा के प्रयास रंग लाने की ओर : चंडीगढ़ में एमबीबीएस व पीजी की 50-50 नई सीटों की उम्मीद जगी

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भाजपा प्रतिनिधिमंडल की सकारात्मक वार्ता, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर बनी सहमति;
विकास कार्यों को भी मिलेगी नई रफ्तार, अगले 10 दिनों में महत्वपूर्ण निर्णय की उम्मीद
न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 27 जून। भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मिला। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष दविंदर सिंह बबला, इंदिरा सिंह एवं राज किशोर भी शामिल रहे।

बैठक के दौरान चंडीगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, एमबीबीएस और पीजी की 50-50 नई सीटें शुरू करने की संभावनाओं तथा शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक के समक्ष चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल एजुकेशन को मजबूत करने की आवश्यकता रखी, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिल सकें और शहर को एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में और सशक्त किया जा सके। इस संबंध में केंद्र सरकार को पहले ही लिखित पत्र के माध्यम से 50-50 सीटें बढ़ाने का औपचारिक अनुरोध भेजा जा चुका है, और अब इस मांग के शीघ्र पूरा होने की प्रबल संभावना बन गई है। उम्मीद है कि अगले 10 दिनों के भीतर केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण मांग को पूरा करने की दिशा में ठोस निर्णय लेगी।

प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने बैठक को अत्यंत सकारात्मक बताते हुए कहा कि प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में एमबीबीएस और पीजी की 50-50 नई सीटों को लेकर अगले 10 दिनों के भीतर महत्वपूर्ण निर्णय की संभावना है, जिससे चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होगा।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश लगातार शहर के विकास, जनहित और शिक्षा-स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठा रही है। प्रशासक से हुई यह वार्ता चंडीगढ़ के लिए एक सकारात्मक संकेत है और इससे आने वाले समय में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से शहर में लंबित विकास परियोजनाओं को शीघ्र गति देने, जनसुविधाओं को बेहतर बनाने तथा नागरिकों से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान की भी मांग की। प्रशासक ने इन विषयों पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Advertisement

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप चंडीगढ़ को शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में इन प्रयासों के ठोस परिणाम सामने आएंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh