Follow

राज्यपाल प्रो.घोष ने लोकनायक जयप्रकाश व भारत रत्न वाजपेयी को अर्पित की श्रद्धांजलि

न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 जून।
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने 26 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि आपातकाल की घोषणा के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों पर अभूतपूर्व हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दौर में नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को कुचला गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया तथा नागरिक स्वतंत्रताओं पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए।

राज्यपाल ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के आंदोलन के प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक बनकर उभरे, जबकि लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत है। उन्होंने कहा कि उन विषम परिस्थितियों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले अनगिनत लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि देश उन वीर लोकतंत्र सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा और संविधान की मर्यादा बनाए रखने के लिए कारावास, उत्पीड़न और अनेक कठिनाइयों का साहसपूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि उनका साहस, त्याग और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी धीरज सेतिया तथा लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

 

Advertisement

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh