Follow

बजट सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा में बैठकों का दौर, स्पीकर कल्याण लगातार ले रहे जायजा

Listen to this article

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से भी मिले विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण 

न्यूज़म ब्यूरो

 

Advertisement

चंडीगढ़, 18 फरवरी : आगामी 20 फरवरी से शुरू होने वाले हरियाणा विधान सभा के बजट सत्र को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण लगातार बैठकें कर इन तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इस सिलसिले में उन्होंने बुधवार को हरियाणा, पंजाब सीआईएसएफ और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इससे पूर्व मंगलवार रात उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के आवास पर पहुंच बजट सत्र में उद्घाटन अभिभाषण बारे औपचारिक बात की। अभिभाषण उपरान्त राज्यपाल महोदय के साथ सभी सदस्यों की सेरेमोनियल गेट पर सामूहिक फोटो भी होगी। चंडीगढ़ यूटी प्रशासन को इस बारे में कदम उठाने की जरूरत है। बैठकों का दौर वीरवार को भी जारी रहेगा। सुबह कार्य सलाहकार समिति की तथा शाम को समिति सभापतियों के साथ बैठकें होंगी।

हरियाणा, पंजाब और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विस अध्यक्ष ने कहा कि सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं समुचित ढंग से की जाए। किसी भी सदस्य या आगंतुक को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा में तैनात होने वाले सुरक्षाकर्मियों के भोजन, जलपान तथा अन्य दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों की जांच एक बार से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही विस अध्यक्ष ने पत्रकार दीर्घा समेत सभी दीर्घाओं में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया। इन दीर्घाओं में न तो अनावश्यक आवाजाही होनी चाहिए न ही बातचीत करने की अनुमति हो।

हरियाणा और पंजाब विधान सभा के बजट सत्र की कुछ बैठकें समान दिनों में होने की स्थिति में अतिरिक्त प्रबंध करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान विधान परिसर में वन्य जीवों के प्रवेश का विषय भी आया। इस पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में वन्य जीव विभाग से संपर्क कर लिया गया है।

बैठक में हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंहल, एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, एडीजीपी (कानून व्यवस्था) संजय कुमार, आईजी सुरक्षा पंकज नैन, सीआईएसएफ के डिप्टी कमिश्नर नितिन कुमार, यूटी चंडीगढ़ की ओर से एसडीएम (सेंट्रल) नवीन समेत हरियाणा और पंजाब विधान सभा के अधिकारी मौजूद रहे।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh