8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित होगा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन जोन-2 का सम्मेलन
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन, विकसित भारत-2047, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर होगा मंथन
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 7 जून। हरियाणा विधानसभा के तत्वावधान में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन के जोन-2 का सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्धाटन सोमवार को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। इस अवसर पर राज्य सभा के उप-सभा पति हरिवंश, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, देश के 15 विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, उप-पीठासीन अधिकारी, विधायक भाग लेंगे। इस दौरान राष्ट्र निर्माण में विधानमंडलों की भूमिका, विकसित भारत-2047, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा।
उद्घाटन सत्र के दौरान सोमवार को हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण स्वागत संबोधन करेंगे। इस अवसर पर हरियाणा के इतिहास पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके बाद लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद टैगोर थिएटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संविधान और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
सम्मेलन के दूसरे दिन 9 जून को तीन प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों का मुख्य विषय ‘विकसित भारत-2047 के लक्ष्य एवं भविष्य की चुनौतियों को साकार करने में जागरूक समाज और जनप्रतिनिधियों की भूमिका’ रहेगा। इस विषय पर विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि, संसदीय विशेषज्ञ और नीति निर्माता अपने विचार सांझा करेंगे।
सम्मेलन के दौरान ‘कृत्रिम बुद्विमता एवं मानवाधिकार; विधायी निकायों के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (हिपा) के महानिदेशक मनोज यादव इस विषय पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। यह सत्र तकनीकी प्रगति और लोकतांत्रिक संस्थाओं के समक्ष उभरती चुनौतियों पर महत्वपूर्ण विमर्श का मंच बनेगा।
सम्मेलन के समापन सत्र में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, उपाध्यक्षर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा सहित अन्य वक्ता प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। सम्मेलन के दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, विधायी प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में विधानमंडलों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों के सम्मान में कई औपचारिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सीपीए नॉर्थ जोन-2 सम्मेलन के पहले दिन टैगोर थियेटर में मंचित होगी संविधान की गौरव गाथा
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने तैयार करवाई नाटक की विशेष स्क्रिप्ट
राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) इंडिया रीजन के जोन-2 सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के उपरांत 8 जून को चंडीगढ़ के सेक्टर-18 स्थित टैगोर थियेटर में संवैधानिक मूल्यों पर आधारित विशेष रंगमंचीय प्रस्तुति ‘संविधान के नायक’ का मंचन किया जाएगा। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की पहल पर इस नाटक की विशेष स्क्रिप्ट तैयार करवाई गई है। इसका उद्देश्य संविधान के आदर्शों, मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।
रवि मोहन के निर्देशन में रास कला मंच के कलाकार इस नाटक की प्रस्तुति देंगे। मंचन की प्रकाश परिकल्पना संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित विशेषज्ञ द्वारा तैयार की गई है, जिससे प्रस्तुति और अधिक प्रभावशाली एवं जीवंत बनेगी।
‘संविधान के नायक’ एक विचारप्रधान रंगमंचीय प्रस्तुति है, जो भारतीय संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की जीवित आत्मा के रूप में प्रस्तुत करती है। नाटक की शुरुआत ‘संविधान के नायक’ नामक संग्रहालय से होती है, जहां संविधान निर्माताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। कथा क्रमशः वर्तमान भारत की सामाजिक वास्तविकताओं की ओर बढ़ता है।
सीपीए सम्मेलन में भाग लेने वाले विभिन्न विधान मंडलों के प्रतिनिधि इस विशेष प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संविधान की भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक उत्तरदायित्व के संदेश से रूबरू होंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।