Follow

राष्ट्रमंडल खेलों एवं ओलंपिक में दम दिखाएंगे हरियाणा के खिलाड़ी : डॉ. अरविंद शर्मा

Listen to this article

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 13 फरवरी : हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने खेल और खिलाड़ियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है। इसी का परिणाम है कि आज हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 में गुजरात के अहमदाबाद में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेलों में हमारे खिलाड़ी मजबूत प्रदर्शन करेंगे और इसी प्रदर्शन को आगामी ओलंपिक में भी दोहराएंगे। आज हर घर और हर युवा में खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है, जिससे हरियाणा देश में खेल शक्ति के रूप में उदाहरण बन रहा है।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा वीरवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव माहरा पहुंचे और महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती पर आयोजित विशाल कबड्डी प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। ग्रामीणों द्वारा किए गए भव्य स्वागत के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों की क्षमता की सराहना कर चुके हैं, और अन्य राज्य भी इस नीति को अपना रहे हैं।

Advertisement

 

डॉ. शर्मा ने बताया कि टोक्यो ओलंपिक में देश के 126 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें से 32 खिलाड़ी हरियाणा के थे। देश को मिले सात पदकों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसी प्रकार ओलंपिक 2024 में देश को मिले छह पदकों में से पांच पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में साढ़े 16 हजार खिलाड़ियों को 700 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई है, जबकि 231 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गांव माहरा में 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया तथा 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ब्राह्मण चौपाल का शिलान्यास किया। उन्होंने कुम्हारों वाली चौपाल की चारदीवारी, खेल स्टेडियम में शेड निर्माण, माहरा बस स्टैंड से पीडब्ल्यूडी रोड तक नाला निर्माण तथा कुरचंद वाले तालाब की चारदीवारी का शुभारंभ किया। साथ ही गांव की खेल अकादमी की चारदीवारी और शेड निर्माण की घोषणा भी की।

 

What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh