Follow

बिजली निगमों के एमडी विक्रम सिंह ने नई दिल्ली में ग्रहण किए 3 प्रतिष्ठित पुरस्कार

पीएम सूर्य घर योजना में हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर मिले तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार

न्यूज़म ब्यूरो

चण्डीगढ, 4 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा के विजन को साकार करने की दिशा में भारत सरकार द्वारा 13 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री ‘सूर्य घर- मुफ्त बिजली योजना’ का शुभारंभ किया गया। इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए हरियाणा ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर आज तीन पुरस्कार प्राप्त किए।

हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य में 31 मार्च 2027 तक 2 लाख 22 हजार घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को गति प्रदान करने तथा सौर ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य के ऊर्जा मंत्री अनिल विज के मार्गदर्शन में ‘सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजना’ सहित अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं। विज ने पीएम सूर्य घर मुफत बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार बैठकें की और संबंधित अधिकारियों को मार्गदर्शन करते हुए आवश्यक दिशानिर्देंश दिए।

इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप हरियाणा को भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा आज नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम “पीएम सूर्य घर के दो वर्ष – 1 करोड़ छतों तक सौर ऊर्जा का विस्तार” के दौरान तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद वेंकटेश जोशी ने हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव तथा दक्षिण एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह को ये पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर ऊर्जा सचिव संतोष कुमार सारंगी सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Advertisement

मई 2026 में आयोजित “मंथ ऑफ सोलर” अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हरियाणा को “पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवॉर्ड” के लिए चुना गया। राज्य को मंथ ऑफ सोलर की निम्न श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ। अधिकतम उपभोक्ता आवेदन में तृतीय स्थान (17,142 आवेदन), अधिकतम सोलर इंस्टॉलेशन में द्वितीय स्थान (11,983 स्थापना), अधिकतम डिस्कॉम निरीक्षण (यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन) में तृतीय स्थान (12,514 निरीक्षण) प्राप्त हुआ।

यह उपलब्धि हरियाणा सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व, ऊर्जा विभाग, राज्य नोडल एजेंसी, उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों (यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन) तथा फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्रियान्वयन साझेदारों के समर्पित और समन्वित प्रयासों का प्रतिफल है। ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने विश्वास व्यक्त किया है कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में हरियाणा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

Advertisement
Tap to Refresh