Follow

हिमाचल के राज्यपाल ने तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एकजुट, समृद्ध और सौहार्दपूर्ण भारत की परिकल्पना को साकार करता है : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता 

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 2 जून, 2026 : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोक भवन में आयोजित तेलंगाना स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की। यह कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। राज्यपाल ने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने तथा भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरम्भ की गई है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने से उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को पहचानने और सम्मानित करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नागरिकों के बीच भाईचारे, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन लोगों के प्रयासों और बलिदानों को स्मरण करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिन्होंने अपने-अपने राज्यों के गठन और विकास के लिए कार्य किया।

Advertisement

कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य एकजुट, समृद्ध और सौहार्दपूर्ण भारत का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों को देश की विविधता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए प्रेरित करता है तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को और सुदृढ़ करता है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और रीति-रिवाजों की अपार विविधता वाला देश है, जिसकी एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि लोग भले ही अलग-अलग राज्यों, समुदायों, जातियों या धर्मों से संबंधित हों लेकिन उनकी पहली पहचान भारतीय होने की है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों में एकता, सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रीय गौरव का संदेश निरंतर प्रसारित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना नागरिकों को देश की सामूहिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा एक मजबूत और समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने समारोह से जुड़े तेलंगाना के नागरिकों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।

 

Advertisement
Tap to Refresh