पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरियें अधिकारियों के साथ की अहम बैठक
शहर की 1150 विभिन्न लोकेशनों पर लगे लगभग 2520 सीसीटीवी कैमरों को निगरानी तंत्र से जोड़ा, नशा तस्करों पर रहेगी नजर : पुलिस कमिश्नर
पिछले कुछ वर्षों में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए करीब 500 नशा तस्करों की सूची तैयार, विशेष निगरानी में रहेंगे
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला जिले में नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से चलाए विशेष अभियान ” मैदान 2.0″ के तहत पंचकूला पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाई कर रही है। इस अभियान का असर अब साफ अब दिखाई देने लगा है। अभियान के महज चार दिनों के भीतर पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन और चरस बरामद करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पिछले कुछ वर्षों में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए करीब 500 नशा तस्करों की सूची भी तैयार कर ली गई है, जिन पर अब विशेष निगरानी रखी जाएगी।
ऑपरेशन मैदान 2.0 की समीक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह तथा नशा मुक्ति अभियान से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ लगातार बैठक की जा रही है। बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि अभियान की साप्ताहिक रिपोर्ट ली जाएगी और जिले में सक्रिय एवं पूर्व में संलिप्त रहे सभी नशा तस्करों का विस्तृत डाटा तैयार किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में ऐसा कोई भी ठिकाना नहीं बचना चाहिए जहां से नशे का कारोबार संचालित हो रहा हो। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी से जुड़े हॉटस्पॉट्स की पहचान कर वहां लगातार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पूर्व में गिरफ्तार होकर जमानत पर बाहर आए तस्करों की गतिविधियों का सत्यापन किया जाए, उनसे पूछताछ की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वे दोबारा नशे के कारोबार में शामिल न हों।
इसी क्रम में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने आज केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें भी चेतावनी दी कि जिले में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई मेडिकल स्टोर नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 28 मई से शुरू किए गए ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत अब तक चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दो आरोपियों के कब्जे से वाणिज्यिक मात्रा में तथा दो अन्य आरोपियों से मध्यम मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान 1 किलो 548 ग्राम हेरोइन और 215 ग्राम चरस बरामद की, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
नशा तस्करों पर प्रभावी निगरानी के लिए पंचकूला पुलिस आधुनिक तकनीक का भी सहारा ले रही है। शहर की 1150 विभिन्न लोकेशनों पर लगे लगभग 2520 सीसीटीवी कैमरों को निगरानी तंत्र से जोड़ा जा रहा है। जल्द ही पूरे शहर की गतिविधियों की मॉनिटरिंग एकीकृत प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और नशा तस्करों की आवाजाही पर पैनी नजर रखी जा सके।
अभियान के तहत आज थाना चंडीमंदिर प्रभारी के नेतृत्व में खंगेसरा गांव में एक कुख्यात नशा तस्कर के ठिकाने पर औचक रेड भी की गई। संबंधित आरोपी के खिलाफ पहले से नशा तस्करी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस द्वारा उसके नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
”पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का बयान” – मैदान 2.0 केवल एक अभियान नहीं बल्कि नशा तस्करों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई है। मैंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में नशे का एक भी ठिकाना बचना नहीं चाहिए। चाहे वह सक्रिय तस्कर हो या जमानत पर बाहर आया आरोपी, सभी की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी नेटवर्क और निरंतर फील्ड कार्रवाई के माध्यम से नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा। पंचकूला पुलिस किसी भी कीमत पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को बख्शने वाली नहीं है और आने वाले दिनों में इस अभियान के और भी बड़े परिणाम सामने आएंगे।

