पंजाब के लोगों ने ED पार्टी से बदला ले लिया है और अपने को शहरों की पार्टी कहने वाली भाजपा को शहरों से भी बर्खास्त कर दिया है : डॉ सुशील गुप्ता
शहरी क्षेत्रों में भी चला अरविंद केजरीवाल की नीतियों का जादू, विरोधियों का सूपड़ा साफ: डॉ सुशील गुप्ता
ED के दबाव से ‘आप’ के 7 सांसद तोड़ने वाली ED पार्टी को पंजाब के शहरी निकाय चुनाव में मिला बिग जीरो: डॉ सुशील गुप्ता
दमनकारी और डराने वाली राजनीति करने वालों को पंजाब के व्यापारियों और जनता ने दिया करारा जवाब: डॉ सुशील गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
नई दिल्ली/चण्डीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद एवं आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने पंजाब में हुए नगर निगम और अर्बन लोकल बॉडीज (निकाय चुनाव) के नतीजों में पार्टी को मिली एकतरफा और प्रचंड जीत पर पंजाब की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों (पंचायत चुनावों) के बाद अब पंजाब के शहरी मतदाताओं ने भी आम आदमी पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और मुख्यमंत्री भगवंत मान के विकास कार्यों पर अपनी अंतिम मोहर लगा दी है।
चुनाव के सटीक आंकड़ों का हवाला देते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा, “पंजाब की जनता ने विरोधियों के अहंकार को पूरी तरह तोड़ दिया है। इस चुनाव में कुल *1,977 वार्डों* में से आम आदमी पार्टी (आप) ने अकेले *958 वार्डों* पर ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज की है। जनता ने साफ कर दिया है कि वे सिर्फ और सिर्फ काम की राजनीति को पसंद करती है। जो लोग यह दुष्प्रचार कर रहे थे कि आम आदमी पार्टी शहरों में कमजोर है, उन्हें आज जनता ने जमीनी हकीकत दिखा दी है। पंजाब के 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 19 नगर पंचायतों के आए परिणामों में ‘आप’ ने एकतरफा क्लीन स्वीप करते हुए शानदार जीत दर्ज की है।”
8 बड़े नगर निगमों में भी ‘आप’ का दबदबा :
डॉ. गुप्ता ने आगे बताया कि पंजाब के कुल 8 नगर निगमों में से आम आदमी पार्टी ने *मोहाली, बठिंडा, बरनाला, मोगा और बटाला* सहित 5 प्रमुख नगर निगमों में पूर्ण बहुमत के साथ अपना परचम लहराया है। वहीं कांग्रेस सिर्फ कपूरथला तक सिमट गई और अबोहर व पठानकोट में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। 75 नगर कौंसिलों में से करीब *45 कौंसिलों* में आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट और इकतरफा बहुमत हासिल किया है।
डॉ. गुप्ता ने आगे अपने बयान में कहा कि पंजाब के लोगों ने ED पार्टी से बदला ले लिया है, जिससे पंजाबियों ने शहरों की स्वघोषित पार्टी भाजपा को शहरों से भी बर्खास्त कर दिया है। 1,977 वार्डों में से कांग्रेस केवल 397 पर सिमट गई, अकाली दल 192 और भाजपा मात्र 172 सीटों पर सिमट कर पूरी तरह हाशिये पर चली गई है।
दमनकारी राजनीति और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का अंत :
डॉ. गुप्ता ने ED पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दल और एजेंसियां पंजाब के छोटे व्यापारियों, विशेषकर हिंदू व्यापारियों को डरा-धमकाकर अपनी राजनीति चमकाना चाहते थे। पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से व्यापारियों पर छापेमारी कर उन्हें परेशान किया गया, पंजाब की स्वाभिमानी जनता और व्यापारी वर्ग ने वोट की चोट से उसका बदला लिया है। डराने-धमकाने वाली ताकतों का शहरों से पूरी तरह सफाया हो चुका है।
कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल हाशिये पर :
डॉ. सुशील गुप्ता ने नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस बहुत पीछे दूसरे नंबर पर रह गई है, जबकि बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा और अकाली दल का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो गया है। जनता ने झूठे वादे करने वालों को नकार कर आम आदमी पार्टी के ‘ईमानदार गवर्नेंस मॉडल’ को चुना है।
अंत में, डॉ. गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया, सभी मेहनती क्रान्तिकारी कार्यकर्ताओं व पंजाब की जनता को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार इसी तरह बिना रुके, बिना झुके राज्य के विकास और जनता की भलाई के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनता के इस अटूट भरोसे को बनाए रखने के लिए आगे भी पूरी निष्ठा से काम करें।