Listen to this article
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 7 फरवरी 2026 : पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने आज गुरु द्रोणाचार्य स्टेडियम, डड्डूमाजरा में धनास एवं डड्डूमाजरा क्षेत्र के निवासियों के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन के प्रति चंडीगढ़ प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला समाधान शिविर था। इस अवसर पर यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद सहित चंडीगढ़ प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समाधान शिविर के दौरान धनास एवं डड्डूमाजरा के निवासियों ने एक-एक कर अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रशासक के समक्ष विस्तार से रखीं। उठाए गए मुद्दों में नागरिक सुविधाएं, जनसेवाएं, स्वच्छता, जलापूर्ति, बिजली, सड़कें, स्ट्रीट लाइटिंग, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सामाजिक कल्याण योजनाएं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक सुरक्षा सहित अन्य बुनियादी ढांचे एवं सेवा प्रदाय से संबंधित विषय शामिल थे। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने शिकायतों की स्थिति के संबंध में तथ्यों सहित जानकारी प्रदान की, नागरिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा अब तक की गई एवं प्रस्तावित कार्यवाहियों की जानकारी दी। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि नीतिगत मामलों को उचित कार्रवाई हेतु आगे लिया गया।

गुरु द्रोणाचार्य स्टेडियम, डड्डूमाजरा में आयोजित समाधान शिविर के दौरान चंडीगढ़ प्रशासन के विभिन्न विभागों की टीमों को नागरिकों से कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 शिकायतों को आज शिविर के दौरान प्रशासक द्वारा व्यक्तिगत रूप से सुना गया। सभी शिकायतों को मौके पर उपस्थित विभागीय टीमों द्वारा विधिवत दर्ज किया गया तथा आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित प्राधिकरणों को अग्रेषित किया गया। प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निवारण के लिए स्पष्ट एवं समयबद्ध निर्देश दिए तथा समन्वय, जवाबदेही एवं नियमित अनुवर्ती कार्रवाई के महत्व पर जोर दिया।

प्रशासक ने आश्वासन दिया कि आज समाधान शिविर के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं तथा चंडीगढ़ प्रशासन के सभी अधिकारी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध हैं और साप्ताहिक जनता दरबार के माध्यम से नियमित रूप से शिकायतों पर विचार किया जाता है, जो नागरिकों के साथ संवाद का एक सुलभ मंच प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी कारणवश कोई शिकायत लंबित रह जाती है तो नागरिक जनता दरबार में या लोक भवन में आकर अपनी समस्या रख सकते हैं।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि इस प्रकार के समाधान शिविर प्रत्येक माह शहर के विभिन्न स्थानों, विशेषकर कॉलोनियों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि संबंधित क्षेत्रों के निवासी स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायतें प्रशासन के समक्ष रख सकें और सीधे संवाद कर सकें।
इस अवसर पर गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ प्रशासन की लोक समाधान – एकीकृत ऑनलाइन शिकायत निगरानी प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ भी किया। यह पोर्टल https://loksamadhan.chd.gov.in पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से नागरिक किसी भी समय एवं कहीं से भी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं और उनकी प्रगति की निगरानी कर सकते हैं, जिससे सरकारी कार्यालयों के बार-बार भौतिक दौरे की आवश्यकता समाप्त हो जाती है। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

लोक समाधान प्रणाली के अंतर्गत नागरिकों को वैध मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन कर अनिवार्य पंजीकरण करना होगा। शिकायत दर्ज होने पर एक इलेक्ट्रॉनिक पावती एवं एक विशिष्ट शिकायत संख्या एसएमएस के माध्यम से शिकायतकर्ता को भेजी जाती है, जिससे शिकायत की स्थिति की वास्तविक समय में निगरानी संभव होती है और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

लोक समाधान पोर्टल विभिन्न विभागों में सार्वजनिक शिकायतों की प्राप्ति, प्रसंस्करण, निगरानी एवं समाधान के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल व्यवस्था प्रदान करता है। यह प्रणाली संरचित कार्यप्रवाह, निस्तारण के लिए निर्धारित समयसीमा तथा प्रभावी अंतर-विभागीय समन्वय को सक्षम बनाती है, साथ ही मैनुअल हस्तक्षेप एवं कागजी कार्यवाही को भी काफी हद तक कम करती है। इस पहल से प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि, जवाबदेही सुदृढ़ होने तथा जनसेवाओं की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित होने की अपेक्षा है।

प्रशासक ने कहा कि लोक समाधान के क्रियान्वयन से सार्वजनिक शिकायत निवारण तंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा, विभागों के बीच समन्वय में सुधार होगा तथा चंडीगढ़ प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास और मजबूत होगा।
What are your
Feelings