कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये अधिकारियों को दिये निर्देश
ड्रोन सर्विलांस, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और खुफिया सूचना तंत्र से नशा तस्करों पर होगी कार्रवाई
केमिस्ट दुकानों से लेकर पैरोल पर बाहर नशा तस्करों तक पुलिस की पैनी नजर, नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 28 मई। पंचकूला के कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की अध्यक्षता में बीते बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में डीसीपी पंचकूला, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक पंचकूला, एएनसी इंचार्ज व नशा मुक्त टीमो के प्रभारियो ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
कार्यालय पुलिस आयुक्त ने बतलाया कि बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर पंकज नैन द्वारा पंचकूला जिला में नशारूपी बुराई को समाप्त करने तथा नशा तस्करों एवं नशा बेचने वाले अपराधियों के विरुद्ध ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 28 मई 2026, से एक माह का विशेष अभियान “MAIDAN 2.O” चलाने का निर्णय लिया गया । अभियान को सफल बनाने हेतु निम्नलिखित कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर करने बारे पंचकूला जिला के दोनों डीसीपी को निर्देश दिए गए ।
1. सभी चिन्हित ‘हॉटस्पॉट’ (नशे के गढ़) क्षेत्रों में चैकिंग की जाए ।
2. चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे स्थापित किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
3. अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु लगाए गए स्थायी नाकों का पुनर्मूल्यांकन कर आवश्यकतानुसार कुछ नाकों को चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाए।
4. हॉटस्पॉट क्षेत्रों से अधिकतम संख्या में ‘पुलिस मित्र’ बनाए जाएं तथा उनके माध्यम से नशा बेचने वालों एवं संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में अधिक से अधिक सूचनाएं एकत्रित की जाएं।
5. ‘नशामुक्त टीमों’ को निर्देशित किया जाए कि अत्यधिक नशे के आदी तथा जिनकी नशे की वजह से जान जा सकती है, ऐसे व्यक्तियों की प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर एक सप्ताह के भीतर उन्हें उपचार हेतु नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाया जाए।
6. सभी दवा विक्रेताओं (केमिस्टों) की दुकानो पर लगे CCTV कैमरों की जांच की जाए। जिन दवा विक्रेताओं की गतिविधियां संदिग्ध पाई जाएं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाए।
7. पार्कों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर नशा करने अथवा नशा बेचने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हेतु ड्रोन कैमरों का उपयोग करते हुए निगरानी एवं फोटोग्राफी की जाए, जिससे ऐसे व्यक्तियों में भय बना रहे ।
8. नशा तस्करी से संबंधित वे अपराधी जो वर्तमान में पैरोल पर बाहर हैं, उनकी नियमित जांच की जाए, उनके मोबाइल फोन चैक किए जाएं तथा उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
9. पिछले पांच वर्षों में NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों का गहन सत्यापन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
10. नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क/ध्वस्त करने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ की जाए। अभियान अवधि के दौरान अधिक से अधिक नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
अभियान के प्रभावी एवं क्रियान्वयन हेतु व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जाएगी, ताकि जिले में नशा तस्करी एवं नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके । इसके अतिरिक्त श्री पंकज नैन भा.पु.से. पुलिस कमिश्नर पंचकूला द्वारा आम जनता से भी अपील की, कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने तथा अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का हर संभव सहयोग करें।
