न्यूज़म ब्यूरो
चण्डीगढ़, 26 मई। हरियाणा सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक मजबूत, आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऊर्जा विभाग के पांच मुख्य अभियंताओं को पदोन्नत कर तकनीकी निदेशक नियुक्त किया है। इन अधिकारियों को हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में तकनीकी निदेशक के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदोन्नत किए गए अधिकारियों में रणदीप सिंह, विनोद कुमार, राजीव कुमार, रजनीश गर्ग तथा मुकेश चौहान शामिल हैं। इन अधिकारियों को ऊर्जा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, तकनीकी दक्षता तथा उत्कृष्ट कार्यशैली के आधार पर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
पदोन्नत तकनीकी निदेशकों ने आज हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया तथा पदोन्नति के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने ऊर्जा मंत्री का मुंह भी मिठा करवाया।
ऊर्जा मंत्री विज ने सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश की बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवपदोन्नत अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और तकनीकी दक्षता के साथ करेंगे तथा प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने, बिजली वितरण प्रणाली को मजबूत करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
