न्यूज़म ब्यूरो
लुधियाना, 25 मई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लुधियाना नगर निगम और प्रसिद्ध गायक दिलजीत दोसांझ को मिली बम धमकियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, कहा है कि ये घटनाएं भगवंत मान सरकार के शासन में पंजाब में कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफल हो चुकी स्थिति को उजागर करती हैं।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब आज भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है, जहां बार-बार बम धमकियां, पुलिस कर्मियों की निशाना बनाकर हत्याएं और आपराधिक घटनाएं चिंताजनक रूप से आम होती जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि पुलिसकर्मी भी निशाने पर हैं और सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं, तो एक आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?
उन्होंने कहा कि ताजा धमकी की जिम्मेदारी कथित ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ द्वारा लिए जाने की बात सामने आई है, जबकि हाल ही में अमृतसर में एक एएसआई की हत्या की जिम्मेदारी कथित तौर पर ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ ने ली थी, जो पंजाब की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वड़िंग ने सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए, कहा कि भगवंत मान सरकार सोई हुई नजर आ रही है, जबकि पंजाब में हर गुजरते दिन के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ती जा रही है। लोगों को भय के साए में जीने के लिए छोड़कर केवल विज्ञापनों और सोशल मीडिया वीडियो के सहारे सरकार नहीं चलाई जा सकती।
उन्होंने गुरदासपुर में पुलिसकर्मियों की हत्याओं और राज्यभर में सामने आई विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों से जुड़ी हालिया घटनाओं का उल्लेख करते हुए, कहा कि ये अब अलग-थलग घटनाएं नहीं रह गई हैं, बल्कि बढ़ते सुरक्षा संकट के संकेत हैं, जिससे निपटने में राज्य सरकार विफल रही है।
वड़िंग ने पंजाब सरकार से तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए, कहा कि राजनीतिक दिखावेबाजी छोड़कर जनता का विश्वास बहाल करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने केंद्र सरकार से भी अपील की है कि बार-बार मिल रही धमकियों और हो रही हत्याओं को गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि पंजाब की शांति और देश की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा सकती।
उन्होंने कहा कि हम पंजाब की कठिन संघर्षों से हासिल की गई शांति को दांव पर नहीं लगा सकते। हालात और बिगड़ने से पहले सरकार को सख्ती और तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।