Follow

आप सरकार सत्ता में बने रहने का खो चुकी है नैतिक अधिकार : वड़िंग

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की सरकार को चेतावनी: कार्रवाई करो या सत्ता छोड़ो

कहा: कपूरथला जेल में दंगा और अमृतसर में एएसआई की हत्या पूरी तरह अराजकता का प्रमाण

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 24 मई। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है, क्योंकि पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और चारों ओर अराजकता का माहौल है। उन्होंने चेतावनी देते हुए, कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार या तो काम करना शुरू करे या फिर इस्तीफा देकर सत्ता छोड़ दे। जितनी जल्दी यह फैसला होगा, उतना ही बेहतर होगा।

उन्होंने बीती शाम कपूरथला जेल के भीतर हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटना तथा आज अमृतसर में एक सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए, कहा कि आप सरकार ने वास्तव में अपना अधिकार छोड़ दिया है और अपराधी व गैंगस्टर बेखौफ होकर घूम रहे हैं। उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

Advertisement

उन्होंने कपूरथला जेल में हुई तोड़फोड़ और आगजनी का जिक्र करते हुए, कहा कि उच्च सुरक्षा वाली जेल के भीतर इस तरह की हिंसा होना केवल एक ही बात साबित करता है कि इस सरकार का आदेश जेल की चारदीवारी के अंदर भी नहीं चलता है, जबकि जेल के बाहर तो उसका प्रभाव पहले ही समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से कैदियों ने बिना किसी रोक-टोक के भारी हिंसा और आगजनी की, उससे स्पष्ट होता है कि जिम्मेदार अधिकारी या तो अयोग्य हैं या फिर उनमें इससे निपटने की इच्छाशक्ति का अभाव है।

वहीं पर, आज अमृतसर में ड्यूटी पर जाते समय एक एएसआई की हत्या के बारे में वड़िंग ने कहा कि जब पुलिसकर्मी स्वयं ही सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी व गैंगस्टर अपनी मर्जी से उनकी जान ले सकते हैं, तो एक आम व्यक्ति खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।

 

Advertisement
Tap to Refresh